शहर

दिवाली पर बुझ गया घर का चिराग, मोबाइल लूट का विरोध करने पर 16 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली के वजीराबाद में मोबाइल लूट का विरोध करने पर 16 वर्षीय देवांश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दोस्तों के साथ पटाखे खरीदकर लौट रहे किशोर पर बदमाशों ने कई वार किए।

Image

घटना की सूचना मिलते ही वजीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। (सांकेतिक तस्वीर, साभार- iStock)

दिल्ली (Delhi) में अपराध की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। जिस दिवाली को लेकर लोग पूजा-पाठ और जश्न की तैयारियों में जुटे थे, उसी दिवाली के एक रात पहले उत्तर दिल्ली में एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। यहां मोबाइल फोन लूटने का विरोध करने पर बदमाशों ने 16 साल के लड़के देवांश की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पटाखे खरीदने दोस्तों के साथ गया था देवांश

जानकारी के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली वारदात उत्तर दिल्ली के वजीराबाद (Wazirabad) थाना क्षेत्र के झरोदा पार्ट-1 स्थित सुरेंद्र कॉलोनी में हुई। जहां 16 साल का देवांश दिवाली से एक रात पहले अपने दोस्तों के साथ पटाखे खरीदने के लिए बाजार गया था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि घर से हंसी-खुशी निकला देवांश कभी वापस नहीं लौटेगा। बताया जा रहा है कि रात करीब ढाई बजे देवांश अपने दोस्तों के साथ बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने देवांश का मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। जब देवांश ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

मोबाइल के लिए चाकू से किए कई वार

आरोपियों ने देवांश पर एक के बाद एक कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। देवांश के साथ मौजूद दोस्तों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महज एक मोबाइल फोन के लिए 16 साल के लड़के की जान ले ली गई। इस घटना ने एक बार फिर से देश की राजधानी में बेखौफ अपराधियों की दहशत को सामने लाकर रख दिया है।

जिस घर में जलने थे दीये, वहां पसरा मातम

देवांश की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में दिवाली के मौके पर दीये जलने थे, मिठाइयां बांटी जानी थीं और खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जहां मां के हाथ में बेटे के लिए लाया हुआ दीया था, लेकिन अब वह दीया कभी अपने बेटे के साथ दिवाली मनाने की खुशी नहीं देख पाएगी। परिवार के लिए यह त्योहार जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वजीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। मामले में कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article