देश

VIDEO: ‘फुलझड़ियां तो ठीक-ठाक थीं, लेकिन...’, कैसे होती थी गांधी परिवार की दिवाली? सोनियां गांधी ने बताया प्यारा किस्सा

Sonia Gandhi Diwali Memories: सोनिया गांधी ने प्रियंका गांधी और नातिन मिराया वाड्रा के साथ दिवाली की पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि 1 सफदरजंग रोड पर गांधी परिवार दिवाली कैसे मनाता था। प्रियंका ने बताया कि राजीव गांधी उन्हें बचपन में पटाखे खरीदने चांदनी चौक ले जाते थे।

Image

सोनिया गांधी ने बताया कैसे मनती थी 1 सफदरजंग रोड पर दिवाली, प्रियंका ने खोला बचपन का राज। Sonia Gandhi X handle

Sonia Gandhi Diwali Memories: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिवाली के मौके पर अपने परिवार से जुड़ी पुरानी यादें साझा की हैं। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में सोनिया गांधी के साथ उनकी बेटी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और उनकी नातिन मिराया वाड्रा भी नजर आईं। सोनिया गांधी ने याद किया कि जब वे 1 सफदरजंग रोड पर रहते थे तो कैसे उनका परिवार दिवाली मनाता था।

तीनों परिवार के सदस्य घर के गार्डन पर बैठकर दिवाली सेलिब्रेशन को याद करते नजर आए। वीडियो में सोनिया गांधी ने याद करते हुए कहा कि दिवाली के दिन घर के एंट्रेंस पर भगवान गणेश की मूति सजाई जाती थी, जबकि रास्तों और घर की छत पर दीये जलाए जाते थे।

सोनिया गांधी ने पुरानी दिवाली को याद करते हुए बताया कि त्योहार के दौरान उनका पूरा घर रोशनी से जगमगा उठता था। घर के लगभग हर हिस्से में दीये सजाए जाते थे। तालाब के आसपास, बरामदे और घर तक आने वाले रास्तों पर भी दीपक रखे जाते थे। प्रियंका गांधी ने भी बताया कि दिवाली के समय उनके घर का माहौल काफी खास हुआ करता था। अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों से जुड़े लोग त्योहार के मौके पर उनके घर आते थे और बगीचे में एक साथ इकट्ठा होकर खुशियां मनाते थे।

राजीव गांधी बच्चों को पटाखे दिलाने ले जाते थे चांदनी चौक

बातचीत के दौरान दिवाली पर पटाखे खरीदने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सामने आया। प्रियंका गांधी ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि उनके पिता राजीव गांधी उन्हें और परिवार के बच्चों को पटाखे खरीदने के लिए चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली लेकर जाते थे। सोनिया गांधी ने भी उस दौर को याद किया और बताया कि दिवाली के लिए पटाखे और फुलझड़ियां खरीदना त्योहार की तैयारियों का हिस्सा हुआ करता था।

उन्होंने बताया कि उन्हें फुलझड़ियां जलाना काफी पसंद था। हालांकि, अनार जैसे पटाखे उन्हें उतने अच्छे नहीं लगते थे। सोनिया ने पुराने दिनों के मौसम का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय दिवाली के आसपास आसमान बिल्कुल साफ और नीला दिखाई देता था। अब वैसा नजारा कम ही देखने को मिलता है।

दिवाली पर बनते थे कश्मीरी पकवान

गांधी परिवार में दिवाली के जश्न के दौरान खान-पान का भी खास महत्व रहता था। सोनिया गांधी ने बताया कि त्योहार के अवसर पर घर में कश्मीरी व्यंजन तैयार किए जाते थे। परिवार के लोग एक साथ त्योहार का आनंद लेते थे और पारंपरिक पकवानों के साथ दिवाली की खुशियां मनाते थे।

सोनिया गांधी ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि वह दिवाली मनाने से जुड़ी अपनी शुरुआती यादों को फिर से ताजा कर रही हैं। उन्होंने परिवार की परंपराओं, त्योहार की रौनक और उन छोटे-छोटे पलों का जिक्र किया, जिन्होंने दिवाली को उनके लिए खास बनाया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article