Surat Udaipur Vande Bharat: आज से गणपति उत्सव की शुरुआत हुई है और फिर कुछ ही दिनों में नवरात्र आने वाले हैं। नवरात्र के दौरान पूरे देश में डांडिया की धूम होगी और खासतौर पर गुजरात का डांडिया तो विश्वविख्यात है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग गुजरात का डांडिया देखने और उसमें शामिल होने के लिए जाते हैं। इसके अलावा डांडिया की ड्रेस खरीदने भी बड़ी संख्या में व्यापारी गुजरात का दौरा करते हैं। अगर आप भी उनमें से हैं तो भारतीय रेलवे ने आपके टेक्सटाइल और ज्वैलरी हब सूरत आने-जाने के लिए सुविधाजनक सवारी की व्यवस्था कर दी है। जी हां, सूरत तक आप वंदे भारत एक्सप्रेस में सुहाने सफर का आनंद ले पाएंगे।
यह ट्रेन सूरत को राजस्थान में झीलों की नगरी और किले के लिए मशहूर उदयपुर से जोड़ेगी। जी हां, रेलवे बोर्ड ने उदयपुर और सूरत के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दी है। इस वंदे भारत सेवा में कुल 8 कोच होंगे और यह मंगलवार को छोड़कर हफ्ते में छह दिन चलेगी। उम्मीद का जा रही है कि नवरात्रि से पहले यह सेवा शुरू हो जाएगी। ट्रेन सेवा के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। हालांकि, उद्घाटन की अंतिम तारीख की पुष्टि रेलवे की तरफ से अभी तक नहीं की गई है।
इ्स नई वंदे भारत एक्सप्रेसवे के शुरू होने से गुजरात में सूरत, नवसारी और वडोदरा सहित दक्षिण गुजरात के यात्रियों को राजस्थान के उदयपुर तक बेहतर और तेज रेलवे कनेक्टिविटी मिलेगी। पर्यटन के साथ व्यापार और कारोबार के लिहाज से भी इस ट्रेन को काफी अहम माना जा रहा है।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइमटेबल?
रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक, ट्रेन नंबर 26903 सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंच जाएगी। वापसी में ट्रेन नंबर 26904 उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे चलकर उसी रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस से इस तरह दोनों शहरों के बीच यात्रा लगभग 7.30 घंटे पूरी हो जाएगी। बता दें कि अभी सूरत और उदयपुर के बीच यात्रा में सड़क या सामान्य रेल सेवा से लगभग 11 से 13 घंटे तक का समय लगता है। सूरत और उदयपुर के बीच चलने वाली मौजूदा बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी लगभग 694 किलोमीटर की दूरी को तय करने में करीब 13 घंटे का समय लेती है।
सूरत-उदयपुर वंदे भारत का रूट?
यह ट्रेन सूरत से चलकर वडोदरा, आणंद, नडियाद, अहमदाबाद के असरवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जवाई बांध होते हुए उदयपुर पहुंचेगी। ट्रेन का मेंटेनेंस सेंटर सूरत में होगा, जबकि वडोदरा और असरवा में पानी भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाएं भी होंगी। इसमें 180 डिग्री घूमने वाली सीटें, वाई-फाई, जीपीएस आधारित रियल-टाइम इंफॉर्मेशन, बायो-वैक्यूम टॉयलेट और स्वदेशी कवच सुरक्षा प्रणाली जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
बंद हो जाएगी ये वंदे भारत सेवा
नई सेवा वास्तव में उदयपुर सिटी-असरवा वंदे भारत का ही विस्तार होगी। उदयपुर-असरवा के बीच चल रही ट्रेन सेवा को उसके मौजूदा स्वरूप में बंदके रूट को सूरत तक बढ़ाया जाएगा। बता दें कि उदयपुर-असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस इसी साल फरवरी में शुरू हुई थी।
कब शुरू होगी टिकट बुकिंग, किराया क्या होगा?
नई ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग रेलवे द्वारा शेड्यूल और ट्रेन डेटा ऑनलाइन अपडेट किए जाने के बाद शुरू हो जाएगी। यात्री IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और रेलवे रिजर्वेशन काउंटर से आप इस ट्रेन के टिकट ले पाएंगे। किराए की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है, माना जा रहा है कि 1200-1400 चेयर कार और 2200-2400 एग्जीक्यूटिव चेयर कार इसका किराया तय हो सकता है।
