Kedarnath Yatra Update: उत्तराखंड के केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया है। चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मलबा आने से यात्रा मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
पहाड़ी से गिरे भारी पत्थर और बोल्डर
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, यह घटना रविवार को हुई, जब केदारनाथ में चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर और बोल्डर नीचे लुढ़क कर आ गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक 65 वर्षीय श्रद्धालु इन पत्थरों की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ऊखीमठ निवासी 65 वर्षीय मदन मोहन तिवारी के रूप में हुई है।
यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
लगातार हो रही बारिश और मलबे के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग और सड़क मार्ग कई जगहों पर अवरुद्ध हो गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यात्रा को फिलहाल रोक दिया है। केदारनाथ की ओर जा रहे श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है। वहीं, यात्रा से लौट रहे लोगों को जंगलचट्टी में ही रोक दिया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi News: 3 मिनट में दिल्ली पुलिस का एक्शन, गलत सेंटर पहुंचे CDS अभ्यर्थी को एक मिनट पहले पहुंचाया सही केंद्र
प्रशासन और पुलिस ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि जब तक रास्ता पूरी तरह साफ नहीं हो जाता और आधिकारिक अनुमति नहीं मिलती, तब तक कोई भी अपनी यात्री आगे न बढ़े। मौसम सामान्य होने और रास्तों के सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा को दोबारा सुचारू किया जाएगा।
