शहर

सूरत में सड़क के गड्ढे ने ली युवक की जान, लोगों में भारी आक्रोश; SMC की लापरवाही पर उठे सवाल

सूरत के गोडादरा क्षेत्र में सड़क के गहरे गड्ढे की वजह से बाइक सवार संदीप यादव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ, जिसमें बाइक का संतुलन बिगड़कर युवक के सिर के बल गिरने की घटना दिखी। स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सूरत महानगर पालिका (SMC) के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Image

सूरत में दर्दनाक हादसे ने ली बाइक सवार की जान

Photo : Times Now Digital

Surat Accident News: सूरत के गोडादरा इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने एक युवक की जान ले ली। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक का पहिया सड़क किनारे बने गड्ढे में जाने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा। गंभीर सिर की चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने सूरत महानगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

सड़क पर लंबे समय से था गड्ढा

मृतक की पहचान हिंदूवादी नेता उपदेश राणा के निजी सहायक (PA) संदीप यादव के रूप में हुई है। यह हादसा गोडादरा क्षेत्र में आहिर चौक से मानसरोवर सोसायटी जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां लंबे समय से सड़क पर बड़ा गड्ढा होने के बावजूद उसकी मरम्मत नहीं की गई थी।

हादसे के कारण सिर में लगी गंभीर चोट

प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए CCTV फुटेज के अनुसार, संदीप यादव बाइक से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक का अगला पहिया गड्ढे में चला गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही उनके सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद आक्रोश में लोग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में सूरत महानगर पालिका (SMC) के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि सड़क पर लंबे समय से मौजूद गड्ढे की शिकायतें किए जाने के बावजूद उसे नहीं भरा गया, जिसकी वजह से एक युवक की जान चली गई।

सड़क रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप

स्थानीय नागरिकों ने सड़क रखरखाव में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस हादसे ने एक बार फिर शहर की खराब सड़कों और गड्ढों को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article