शहर

AMU News: एएमयू प्रशासन के आश्वासन के बाद तीन सप्ताह से जारी छात्र आंदोलन खत्म

एएमयू के प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम अली ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन वार्षिक शुल्क में भारी वृद्धि के संबंध में 'एक नए समझौते के फार्मूले' पर सहमत हो गया है।

Image

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (फाइल फोटो: PTI )

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में तीन सप्ताह से जारी छात्र आंदोलन शुल्क वृद्धि पर समझौते और छात्र संघ चुनावों के संबंध में संस्थान के प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद मंगलवार को समाप्त हो गया।इसी आंदोलन के दौरान दो छात्र नेताओं ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी थी लेकिन उन्होंने इसे अब खत्म कर दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की एक और प्रमुख मांग को पूरा करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने काफी समय से लंबित छात्र संघ के चुनाव दिसंबर में कराने पर भी सहमति जताई है।विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह घोषणा किए जाने के बाद पिछले तीन हफ्तों से विश्वविद्यालय परिसर में जारी छात्र आंदोलन समाप्त हो गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के दो छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी और उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही थी।

आंदोलन समाप्त होने के बाद पिछले 10 दिन से गेट पर तैनात पुलिस बल को हटा लिया गया। हालांकि दोपहर तक परिसर में एक बार फिर बड़े पैमाने पर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए, क्योंकि ऐसी खबरें मिल रही थी कि 'हिंदू रक्षा दल' के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर को 'शुद्ध' करने के लिए प्रवेश द्वार पर हनुमान चालीसा पढ़ने का कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।

इस बीच, 'हिंदू रक्षा दल' के जिलाध्यक्ष संजय आर्य द्वारा सोमवार को दर्ज कराये गये मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि एक वीडियो में तल्हा मन्नान नाम का छात्र और अन्य लोग एएमयू परिसर में फलस्तीनी झंडा लिये उसके समर्थन में नारे लगाते हुए दिखाई दे रहे थे तथा इससे शहर में सामाजिक शांति और सद्भाव को खतरा पैदा हो रहा था।

इस संबंध में सोमवार को सिविल लाइंस थाने में मन्नान और नौ अज्ञात छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा) और 353(2) (सार्वजनिक शरारत करने वाला बयान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।एएमयू में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए मंगलवार को जा रहे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष रौनक खत्री और उनके साथियों को अलीगढ़ जिले की सीमा पर तीन घंटे से ज्यादा समय तक हिरासत में रखा गया।

टप्पल के पुलिस क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार ने मीडियाकर्मियों को बताया कि निषेधाज्ञा लागू होने के कारण उन्हें 'बिना अनुमति' लिये एएमयू परिसर में प्रवेश करने की कोशिश करने पर रोक दिया गया। खत्री ने संवाददाताओं से कहा कि वह और उनके समर्थक जरूरी इजाजत लेने के बाद एएमयू वापस आएंगे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article