शहर

दिल्ली में NSUI नेता से कथित मारपीट पर FIR की मांग, जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में कांग्रेस का रातभर धरना

राजस्थान कांग्रेस नेताओं ने NSUI नेता रितु बराला से कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में रातभर धरना दिया। रितु ने दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल चंचल यादव पर मारपीट का आरोप लगाया है।

Image

रितु बराला मामले में FIR दर्ज कराने की मांग पर कांग्रेस का धरना (Photo: X|Congress)

दिल्ली में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान NSUI नेता रितु बराला के साथ कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में रातभर धरना दिया। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत पार्टी के कई अन्य नेता सोमवार शाम से कमिश्नरेट के गलियारे में बैठे रहे और वहीं रात बिताई। नेताओं का कहना है कि जब तक आरोपी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होता, वे कमिश्नरेट से नहीं हटेंगे।

डोटासरा, रितु बराला और कांग्रेस के अन्य नेता सोमवार को पहले मोती डूंगरी पुलिस थाने पहुंचे थे। उन्होंने दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल चंचल यादव के खिलाफ शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत तो ले ली, लेकिन FIR दर्ज नहीं की। इसके बाद सभी नेता जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। डोटासरा ने कहा कि जब तक रितु बराला की शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की जाती, वे वहां से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस चाहे तो सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर सकती है, लेकिन वे FIR दर्ज होने तक धरना जारी रखेंगे।

डोटासरा ने दो टूक कहा कि देश में दो तरह के कानून नहीं हो सकते। अगर गैर-भाजपा शासित राज्यों में मामले दर्ज हो सकते हैं, तो भाजपा शासित राजस्थान में एफआईआर क्यों नहीं दर्ज की जा सकती? उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय की मांग से पीछे नहीं हटेगी और FIR दर्ज होने तक इस मांग को दबने नहीं देगी। धरने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस कमिश्नरेट के बाहर जुट गए। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

राहुल गांधी ने कानूनी कार्रवाई की मांग की थी

यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के डोटासरा से मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने की अपील के बाद हुआ। राहुल गांधी ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर आरोप लगाया था कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने केरल की अथिरा और राजस्थान की रितु बराला के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा था कि केरल में इस मामले में जीरो FIR दर्ज हो चुकी है और कांग्रेस संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग जारी रखेगी।

रितु बराला ने महिला कांस्टेबल पर लगाए आरोप

NSUI नेता रितु बराला का आरोप है कि 13 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों को जिस बस में ले जाया जा रहा था, उसमें दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल चंचल यादव ने उनके साथ मारपीट की। रितु के मुताबिक, कांस्टेबल ने उनका गला पकड़ा, उन्हें सीट पर धकेला, चेहरे पर खरोंच मारी और थप्पड़ भी मारा। NSUI ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास प्रदर्शन किया था। संगठन ने यह प्रदर्शन कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में किया था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article