शहर

Punjab: मानसा में डिप्टी कमिश्नर के गनमैन ने परिवार पर की फायरिंग, फिर खुद को भी किया शूट, दो की मौत

पंजाब के मानसा जिले में मंगलवार सुबह एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर पत्नी और दो बेटों पर गोली चलाई। घटना में एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।

Image

मानसा में पुलिसकर्मी ने परिवार पर चलाई गोली

Photo : Times Now Digital

Punjab News: पंजाब के मानसा जिले से मंगलवार सुबह एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पुलिसकर्मी ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से पत्नी और दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जिसके बाद पुलिसकर्मी ने खुद को भी गोली मार ली। इस खूनी संघर्ष में एक बेटे और आरोपी पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक पुलिसकर्मी की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। वह मानसा के डिप्टी कमिश्नर के गनमैन के तौर पर तैनात था। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मानसा जिले के वार्ड नंबर 5 में हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि गुरविंदर सिंह का अपने परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने इस खूनी कदम को अंजाम दिया।

एक बेटे की अस्पताल में मौत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिवार के सदस्यों को गोली मारने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी ने खुद को भी गोली से उड़ा लिया, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मानसा सिविल अस्पताल में गुरविंदर सिंह के एक बेटे को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, उसकी पत्नी और दूसरे बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी सबूत एकत्र करने के लिए मौके पर बुलाया गया। फिलहाल पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article