Badaun Road Accident: बदायूं जिले में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई और उनका भतीजा घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि कार चालक हादसे के बाद फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है।
सिविल लाइंस थाने के प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना शेखूपुर गांव के पास कादर चौक रोड, केंद्रीय विद्यालय के सामने दोपहर करीब तीन बजे हुई। मृतकों की पहचान बिनावर थाना क्षेत्र के अहिरवारा गांव के पप्पू (45) और उनकी पत्नी आसमा (40) के रूप में हुई है। उनके भतीजे यूसुफ (24) को हल्की चोटें आई हैं।
फरार कार चालक की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, यह परिवार रमजानपुर गांव से दवा लेकर लौट रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। रिश्तेदारों ने बताया कि लगभग 20 दिन पहले पप्पू एक सड़क हादसे में घायल हुए थे और उनका कॉलरबोन टूटा था, जिसका इलाज वे रमजानपुर के स्थानीय वैद्य से करवा रहे थे। दुर्घटना के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक दंपति का 11 साल का बेटा फरहान परिवार में है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
