उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) कमाल अख्तर ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के भीतर किसी तरह के मतभेद से इनकार किया। हालांकि खबरें हैं कि इससे पहले सांसद रुचि वीरा से उनकी अनबन हुई थी। जिसके बाद लखनऊ में आलाकमान ने मीटिंग बुलाई थी।
मुरादाबाद जिले की कांठ विधानसभा सीट से विधायक कमाल अख्तर को 2024 में मुख्य सचेतक बनाया गया था। उनसे पहले यह जिम्मेदारी मनोज पांडेय के पास थी, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करने के बाद इस पद से इस्तीफा दे दिया था। वर्तमान में मनोज पांडे भाजपा सरकार में मंत्री हैं।
अख्तर ने बताया कि अखिलेश यादव ने उन्हें निर्देश दिया कि अब यह जिम्मेदारी किसी नए व्यक्ति को सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि एक पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना उनका कर्तव्य है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस फैसले से नाराज हैं, तो उन्होंने साफ इनकार करते हुए कहा कि नाराजगी तब होती है जब कोई खुद को नेता समझे। मैं पिछले 30 वर्षों से समाजवादी पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं और 'अखिलेश यादव जिंदाबाद' तथा 'मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद' के नारे लगाता आया हूं, आगे भी लगाता रहूंगा।"
मुख्य सचेतक की नई नियुक्ति को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा और जो भी जिम्मेदारी संभालेगा,उसे सभी का पूरा सहयोग मिलेगा।
मैंने हमेशा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों का पालन किया- अख्तर
इस मौके पर कमाल अख्तर ने कहा मैंने हमेशा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों का पालन किया है। आगे भी वे जो जिम्मेदारी देंगे,उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करूंगा। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में संगठनात्मक बदलाव एक सामान्य और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि कोई भी पद स्थायी नहीं होता। जिस तरह विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने पर नए लोग आते हैं,उसी तरह संगठन में भी समय-समय पर जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं।
रुचि वीरा संग मतभेद की खबरों पर क्या बोले अख्तर
सपा सांसद रुचि वीरा के साथ मतभेद की चर्चाओं पर कमाल अख्तर ने कहा कि इस संबंध में वही बेहतर जवाब दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक मेरा सवाल है, मुझे नहीं लगता कि कोई विवाद या मतभेद है।
