शहर

प्रयागराज में थाने से 500 मीटर दूर सपा नेता पवन यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Prayagraj SP Leader Murder News: जानकारी के अनुसार, मुंगराव गांव निवासी पवन यादव मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे बाइक से हंडिया कस्बे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

Image

प्रयागराज में सपा नेता पवन यादव की हत्या

Prayagraj SP Leader Murder News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगानगर जोन अंतर्गत हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात हंडिया थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

थाने के पास ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के अनुसार, मुंगराव गांव निवासी पवन यादव (जिला सचिव, सपा एवं पूर्व ग्राम प्रधान) मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे बाइक से हंडिया कस्बे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से पवन यादव लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, एनकाउंटर की मांग

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक की बहन उर्मिला देवी ने कहा, वे हांडिया जा रहे थे और बाइक पर तीन लोग सवार थे। तभी यह घटना हुई। मुझे नहीं पता कि यह किसने किया, लेकिन मैं चाहती हूं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो।

मृतक के बेटे प्रिंस यादव ने कहा, इस सरकार के राज में दिन-दहाड़े मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रशासन से मेरी बस यही मांग है कि वे दोषियों को तुरंत पकड़ें और एनकाउंटर में उन्हें खत्म करें। वे हमारे घर में कमाने वाले अकेले व्यक्ति थे, हमें उचित मुआवजा भी मिलना चाहिए।

पुलिस का बयान और जांच की स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा, शाम करीब 5:30 बजे हंडिया कस्बे में पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार 3 अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिनकी पहचान पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव के रूप में हुई है।

डीसीपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास से कुछ सीसीटीवी (CCTV) फुटेज मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। परिवार के बयानों के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article