Delhi News: दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के वसंत विहार थाने की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की सनसनीखेज घटना का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो कुख्यात और आदतन अपराधियों मोहम्मद नदीम तथा रविंदर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और वे पहले चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब 13 मामलों में संलिप्त रह चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चार लूटे गए बैग बरामद किए हैं, जिनमें कुल 1.12 लाख रुपये नकद, एक आईपैड, एयरपॉड्स की एक जोड़ी और वारदात में प्रयुक्त होंडा अमेज कार शामिल है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 10 जनवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे की है। शिकायतकर्ता एफ. हुसैन ने पालम मार्ग पर स्थित अलकौसर रेस्टोरेंट के पास अपनी कार खड़ी की थी। उनके परिवार के सदस्य भोजन करने के लिए रेस्टोरेंट के भीतर चले गए, जबकि हुसैन वाहन में ही बैठे-बैठे सो गए। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति एक कार से वहां पहुंचे और उन्होंने शिकायतकर्ता की गाड़ी के पीछे अपनी कार लगा दी।
विशेष टीम में कौन था शामिल?
एक आरोपी ने शिकायतकर्ता की कार का पिछला शीशा तोड़ दिया, जबकि दूसरा आरोपी उन्हें पकड़कर उनकी ही कार में जबरन धकेल दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने चार बैग लूट लिए, जिनमें लगभग 1.20 लाख रुपये नकद, एक आईपैड और एयरपॉड्स की एक जोड़ी शामिल थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को सूचना दी, जिसके आधार पर वसंत विहार थाने में एफआईआर संख्या 7/26, धारा 309/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत के बाद थाने ने इस केस की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर राहुल रोशन (एटीओ) कर रहे थे। टीम में एसआई रामावतार, एएसआई जयपाल, हेड कांस्टेबल अनुज, सूरज, यशवंत और कांस्टेबल बजरंग व अनुराग शामिल थे।
कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज
पूरी कार्रवाई वसंत विहार थाने के एसएचओ की निगरानी में और एसीपी वसंत विहार उप-मंडल के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल होने वाली वाहन की रजिस्ट्रेशन जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर दया बस्ती, इंदरलोक और आसपास के स्लम इलाकों में छापेमारी की। सतर्क टीम ने दोनों कुख्यात अपराधियों को पकड़ लिया और उनकी मदद से लूटे गए 1.12 लाख रुपये नकद, एक आईपैड, एयरपॉड्स और होंडा अमेज कार बरामद की। गिरफ्तार मोहम्मद नदीम के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट और हत्या के प्रयास के कुल 9 मामले दर्ज हैं। जबकि दूसरे आरोपी रविंदर पर चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत 4 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों को आदतन अपराधी माना जा रहा है।
(इनपुट - आईएएनएस)
