शहर

बहादुरी की मिसाल... तेंदुए से निहत्थे ही भिड़ गया 18 वर्षीय छात्र, जानें क्या हुआ आगे?

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में 18 वर्षीय छात्र ने तेंदुए के हमले का अकेले ही बहादुरी से सामना किया। उसने पत्थरों से वार कर तेंदुए को मार गिराया। संघर्ष में वह घायल हो गया। लेकिन अब उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वन विभाग ने उसकी बहादुरी पर 5,000 रुपये भी दिए।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Leopard Attack in Solan: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 18 वर्षीय छात्र ने एक तेंदुए का अकेले ही बहादुरी से सामना किया। उसने सिर्फ खुद को तेंदुए से बचाया ही नहीं, बल्कि उसे मार भी गिराया। छात्र ने बिना किसी हथियार के ही तेंदुए को ढेर कर दिया। हालांकि इस दौरान युवक भी बुरी तरह से जख्मी हो गया। वन विभाग ने उसके असाधारण बहादुरी की तारीफ भी की।

जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार सुबह अर्की क्षेत्र के सरली गांव में हुई। जहां ITI सेकेंड ईयर का 18 वर्षीय छात्र प्रवेश शर्मा करीब सुबह करीब 7 बजे दूध लेने के लिए जा रहा था। वह घर से कुछ ही दूर पहुंचा था, तभी खेतों से गुजरते समय एक तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रवेश ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत तेंदुए के जबड़ों को पकड़ लिया, जिससे वह उसके गले तक न पहुंच सके।

तेंदुए और युवक के बीच 10 मिनट चली लड़ाई

प्रवेश शर्मा ने बताया कि लगभग 10 मिनट तक उसका तेंदुए के साथ संघर्ष चलता रहा। हमले के दौरान युवक निहत्था ही था, लेकिन उसने डरकर हार नहीं मानी, बल्कि युवक ने आसपास पड़े पत्थरों से तेंदुए के जबड़ों और पंजों को तोड़ दिया। इस दौरान वह लगातार मदद के लिए चिल्लाता रहा। लेकिन उसे अकेले ही खूंखार तेंदुए का सामना करना पड़ा।

युवक के कंधे-पैर और चेहरे पर आई चोटें

युवक द्वारा लगातार किए गए पत्थरों के हमला से तेंदुआ बुरी तरह घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। इस संघर्ष के दौरान प्रवेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ, कंधे, पैर, बाजू और चेहरे पर कई चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को तुरंत अर्की अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद उसी दिन उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने प्रवेश शर्मा को तुरंत राहत और उसकी बहादुरी के लिए 5,000 रुपये की सहायता राशि दी।

हिमाचल में तेंदुए के हमले की घटना

गौरतलब है कि इलाके में तेंदुए के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 6 मार्च को एक बाइक सवार व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला किया था। जिसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की थी। इसके अलावा दिसंबर 2025 में भी मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र के चंदयाल, बधयाल और मलवाना गांवों में तेंदुए ने हमले हुए थे। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और नौ अन्य लोग घायल हुए थे। उस समय गांववालों ने मिलकर तेंदुए को मार गिराया था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article