शहर

Flood in Assam : ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियों का कहर, बाढ़ से छह लोगों की मौत; 21 लाख लोग प्रभावित

Flood in Assam : असम में भारी बारिश से बाढ़ का कहर जारी है। गुरुवार को 6 लोगों की मौत हो गई। पूरे राज्य में बाढ़ से 21 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।

Image

असम में बाढ़ से छह लोगों की मौत

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
मुख्य बातें
  • असम में ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियों में बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त
  • 29 जिलों के 21 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
  • बाढ़ से प्रभावित 6 लोगों की मौत
  • इस साल भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 62

गुवाहाटी: असम में बाढ़ से लगातार बिगड़ते हालात के बीच गुरुवार को छह और लोगों की मौत हो गई। प्रदेश में बाढ़ से 29 जिलों के 21 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक के मुताबिक राज्य की बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, जान गंवाने वाले छह लोगों में से चार लोग गोलाघाट के रहने वाले थे जबकि डिब्रूगढ़ और चराईदेव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 62

रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ष बाढ़, भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 62 हो गई। रिपोर्ट में बताया गया कि बाढ़ से 29 जिलों के कुल 21,13,204 लोग प्रभावित हैं, जबकि 57,018 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न है। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक प्रभावित जिलों में धुबरी शामिल है, जहां 6,48,806 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं दरांग में 1,90,261, कछार में 1,45,926, बारपेटा में 1,31,041 और गोलाघाट में 1,08,594 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में, 39,338 प्रभावित लोग 698 राहत शिविरों में शरण लिये हुए हैं।

ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियां उफान पर

बुलेटिन के मुताबिक विभिन्न एजेंसियों ने नावों का उपयोग कर एक हजार से अधिक लोगों और 635 जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। कामरूप (महानगर) जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है, जहां ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

(इनपुट-भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article