शहर

Siwan: मामूली विवाद में बदमाशों ने बीजेपी नेता के भांजे को मारी गोली, एनकाउंटर में मुख्य आरोपी धराया

सिवान पुलिस ने बीजेपी नेता के भांजे के हत्याकांड में मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इस दौरान वह दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान छोटू यादव के रूप में हुई है।

Image

बीजेपी नेता के भांजे की हत्या

Photo : Times Now Digital

Siwan Police Encounter: बिहार के सिवान में बीजेपी नेता मनोज सिंह के भांजे के मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान छोटू यादव के तौर पर हुई है। एनकाउंटर के दौरान दोनों पैर में गोली लगने के बाद वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

मामूली कहासुनी ने लिया खौफनाक रूप

यह घटना नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास की है। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक समारोह में जाने के लिए सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर परिवार का इंतजार कर रहे थे। तभी पीछे से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को हल्की टक्कर मार दी। जिसके बाद उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक झड़प का रूप ले लिया।

आरोपियों ने झड़प के बाद की फायरिंग

आरोप है कि दूसरी कार में सवार बदमाशों ने अचानक हथियार निकाल लिए। जिसके बाद चंदन सिंह और उनके बेटे हर्ष पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिससे हर्ष को तीन गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चंदन सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बारिश के बीच सड़क पर हुई मारपीट और फायरिंग साफ देखी जा सकती है। वीडियो में महिलाओं की चीख-पुकार भी सुनाई देती है।

आरोपी ने हिरासत में की भागने की कोशिश

इस घटना के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी छोटू यादव की पहचान की। जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।

पुलिस के अनुसार, जब आरोपी को हथियार बरामद करने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने अचानक हथियार निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें छोटू के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article