शहर

Delhi Encounter: वजीरपुर मर्डर केस का आरोपी मुठभेड़ में धराया, पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा

दिल्ली पुलिस ने वजीरपुर हत्या के मामले में वांटेड बदमाश को अशोक विहार में मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। आरोपी की पहचान सूरज उर्फ काना के तौर पर हुई। मुठभेड़ में वह गोली लगने से घायल हो गया है।

Image

दिल्ली पुलिस ने वांटेड बदमाश को मुठभेड़ के बाद पकड़ा

Photo : Times Now Digital

Delhi Police Encounter: दिल्ली के अशोक विहार इलाके में गुरुवार तड़के पुलिस और एक वांटेड अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हालांकि पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। जिसकी पहचान सूरज उर्फ काना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दो दिन पहले ही वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में हत्या की वारदात को अंजाम था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी। अब पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, इस दौरान वह गोली लगने से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

आरोपी ने पुलिस टीम पर की फायरिंग

जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ की घटना प्रेमवाड़ी पुल के पास करीब सुबह 3 बजे हुई। पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि सूरज काना इस इलाके में आने वाला है। पुलिस ने इस इनपुट के आधार पर कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी स्कूटी से मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया और सरेंडर करने को कहा। लेकिन आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि बदमाश की चलाई एक गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और फायरिंग शुरू की। जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के इलाज के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, बताया जा रहा है कि वह कई आपराधिक मामले में शामिल रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article