शहर

Dehradun Encounter: प्रेम नगर में लूट के बाद फायरिंग, SHO को लगी गोली, मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर

प्रेमनगर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में SHO नरेश राठौड़ घायल हो गए, जबकि एक बदमाश गोली लगने से मारा गया। बताया जा रहा है कि दो अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

Image

देहरादून में पुलिस एनकाउंटर

Photo : Times Now Digital

Dehradun Police Encounter: देहरादून में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। जिसमें प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौड़ गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश भी ढेर हो गया। वहीं दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायादा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

शख्स को लूटकर मारी गोली

पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिली कि पौंधा रोड पर बदमाशों ने एक व्यक्ति से नकदी और चेन लूट ली। जिसके बाद उसे गोली मारकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद सभी थाना क्षेत्रों को सतर्क कर दिया गया और चेकिंग के निर्देश दिए गए। वहीं प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ इलाके की जांच कर रहे थे। तभी बताई गई गाड़ी पुलिस को प्रेमनगर में नजर आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। कार में तीन बदमाश बैठे हुए थे। उन्होंने खुद को पुलिस से घिरा पाकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई और उसने मौके पर दम तोड़ दिया।

SHO को लगी दो गोलियां

मुठभेड़ में बदमाशों की की गोली से SHO नरेश राठौड़ घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें हाथ में दो गोलियां लगी हैं। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में सघन कांबिंग अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस बैरिकेडिंग लगाकर सड़क पर वाहनों की भी जांच कर रही है और संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article