सुपरस्टार यश का असली नाम नवीन कुमार गौड़ा है। उनका जन्म कर्नाटक के हसन जिले में हुआ था, लेकिन उनकी परवरिश मैसूर में हुई। यश ने अपनी शुरुआती स्कूली पढ़ाई मैसूर के प्रतिष्ठित 'महाजन हाई स्कूल' से पूरी की थी।
स्कूली दिनों से ही यश का मन किताबों से ज्यादा सांस्कृतिक गतिविधियों, नाटकों और डांस प्रतियोगिताओं में रहता था। वे स्कूल के हर नाटक और कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे, जिससे उनका अभिनय के प्रति प्रेम और गहरा होता चला गया।
अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद यश ने मैसूर के ही 'महाजन एजुकेशन सोसाइटी' से अपनी प्री-यूनिवर्सिटी (PUC/12th) की पढ़ाई पूरी की। इस दौरान भी वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ थिएटर गतिविधियों में लगातार एक्टिव रहे।
12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद यश ने उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज में दाखिला तो लिया, लेकिन उनका सपना केवल और केवल एक्टर बनना था। एक्टिंग के जुनून के कारण उन्होंने अपनी कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़ दी और मात्र 300 रुपये लेकर बेंगलुरु आ गए।
बेंगलुरु आने के बाद यश ने औपचारिक डिग्री हासिल करने के बजाय व्यावहारिक अभिनय सीखने का फैसला किया। वे मशहूर नाटककार बी.वी. कारंत द्वारा स्थापित प्रसिद्ध थिएटर ग्रुप 'बेनका' (Benaka Drama Troop) से जुड़ गए, जहां उन्होंने बैकस्टेज काम करने से लेकर मंच पर अभिनय की बारीकियां सीखी।
थिएटर में अपनी कला को निखारने के बाद यश ने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने 'नंदा गोकुला' और 'प्रीति इल्लादा मेले' जैसे लोकप्रिय कन्नड़ धारावाहिकों में काम किया। टीवी पर उनके काम को काफी सराहा गया, जिसने उन्हें फिल्मों का रास्ता दिखाया।
बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड और बिना किसी बड़ी डिग्री के, यश ने अपनी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अभिनय की क्षमता के बल पर कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से निकलकर 'KGF' के जरिए ग्लोबल पहचान बनाई। अब वे 'रामायण' में रावण के बहुआयामी किरदार को जीवंत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।