Siwan Lok Sabha Seat: देशभर में सात अलग-अलग चरणों में लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। अब तक पांच चरणों के चुनाव संपन्न हो चुके हैं और अब छठे चरण का चुनाव होना है। छठे चरण में आठ राज्यों की 58 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसी चरण में बिहार की सिवान लोकसभा सीट (Siwan Lok Sabha Seat) पर भी वोटिंग होगी। सिवान, सारण से अलग होकर जिला बना था। बता दें कि सिवान कौशल साम्राज्य का हिस्सा हुआ करता था। इसके बाद यह बनारस साम्राज्य का हिस्सा बना। इस हिस्से पर सिकंदर लोदी ने भी शासन किया था। बाद में यह बंगाल का हिस्सा बना। सिवान से भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद निकले हैं। उनकी जन्मभूमि सिवान ही है। सिवान लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र (Siwan Lok Sabha Seat) के तहत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें सिवान, जीरादेई, दरौली, रघुनाथपुर, दरौंदा और बड़हरिया विधानसभा सीट शामिल हैं। कभी सिवान जनसंघ का गढ़ हुआ करता था। हालांकि, अब स्थिति बदल गई है। आइए जानते हैं कि सिवान से कौन प्रमुख उम्मीदवार हैं और यहां पिछले चुनाव में कैसा रिजल्ट था।
सिवान लोकसभा क्षेत्र मतदान तारीख (Siwan Lok Sabha Election Polling Date)
बिहार की सिवान लोकसभा सीट (Siwan Lok Sabha Seat) पर छठे चरण में मतदान है और छठे चरण का मतदान 25 मई को है। यानी कि सिवान में 25 मई को वोटिंग होगी और इसी दिन सिवान से चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
सिवान लोकसभा क्षेत्र में कब होगी मतगणना (Siwan Lok Sabha Election Result Date)
देशभर में सात चरणों में चुनाव संपन्न होने के बाद चार जून को मतगणना की जाएगी और इसी दिन सिवान लोकसभा सीट (Siwan Lok Sabha Seat) पर मतगणना होगी। इसी दिन पता चलेगा कि सिवान का ताज किसके सिर पर चढ़ेगा।
सिवान के प्रमुख उम्मीदवार (Key Candidates of Siwan Lok Sabha 2024)
सिवान में कभी शहाबुद्दीन का प्रभुत्व हुआ करता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। इस बार सिवान से चुनावी मैदान में जदयू के टिकट पर विजय लक्ष्मी देवी को मौका दिया गया है। वहीं, राजद ने बिहार विधानसभा के पूर्व स्पीकर अवध बिहारी चौधरी को टिकट दिया है। इसके अलावा बीएसपी ने दिलीप कुमार सिंह को उतारा है। साथ ही शहाबुद्दीन की पत्नी हेना शहाब भी निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर आईं हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि सिवान में जदयू की विजय लक्ष्मी देवी और राजद के अवध बिहारी चौधरी के बीच ही मुकाबला होने वाला है। बहुत कम संभावना है कि यहां त्रिकोणीय स्थिति बने।
- विजय लक्ष्मी देवी-जदयू/NDA
- अवध बिहारी चौधरी-राजद/INDIA
- हेना शहाब-निर्दलीय
सिवान लोकसभा क्षेत्र में पिछले चुनाव (2019) का रिजल्ट
सिवान लोकसभा सीट (Siwan Lok Sabha Seat) पर पिछले चुनाव में काफी दिलचस्प मुकाबला हुआ था। पिछले चुनाव (2019) में जदयू की कविता कुमारी ने बाजी मारी थी। उन्हें 4,48,473 वोट मिले थे। उनके सामने राजद के टिकट पर हेना शहाब चुनाव लड़ रही थी, जिन्हें 3,31,515 मत प्राप्त हुए थे। इसके अलावा सीपीएम के अमरनाथ यादव 74,644 वोट पाने में सफल रहे थे। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार मुन्ना भैया को 36,459 वोट मिले थे।
