Patna NEET Student Death: पटना में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की हत्या के बाद मामला तूल पकड़ गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रा के साथ यौन शोषण भी हुआ। इस गंभीर घटना को देखते हुए बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की। कंकड़बाग क्षेत्र में छात्रा की मौत और रेप के आरोपों की जांच अब SIT करेगी, जिसकी घोषणा खुद गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पर की।
बता दें कि, जहानाबाद जिले की रहने वाली छात्रा पटना के एक हॉस्टल में रहकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही थी। कुछ समय पहले उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया था, लेकिन परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। छात्रा कई दिनों तक कोमा में रही और अंत में 11 जनवरी को एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मामले की जांच कर रहे वर्तमान अधिकारी उन पर केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं।
उम्र ज्यादा दर्ज कराई गई
परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को छात्रा की उम्र 17 साल 4 महीने बताई थी, इसके बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में उसकी उम्र 18 वर्ष दर्ज कर दी गई। छात्रा की मौत के बाद परिजनों और छात्रों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसी बीच पुलिस ने बृहस्पतिवार को उस भवन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया, जहां छात्रावास चल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पटना के कई इलाकों में गुरुवार को विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले।
प्रशांत किशोर ने की परिवार से मुलाकात
इससे पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरे प्रकरण की दिशा बदल गई है और अब पुलिस को बिना किसी पक्षपात के दोबारा जांच करनी चाहिए। जहानाबाद जिले में छात्रा के परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ तौर पर उल्लेख है कि यौन शोषण की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे हालात में मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और गहन जांच बेहद जरूरी है।
