शक, साजिश और एक प्याली चाय; व्यक्ति ने रचा खौफनाक क्राइम सीन, शादीशुदा प्रेमिका की मौत
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 16, 2026, 10:37 PM IST
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां शक की आग में जलते एक व्यक्ति ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद मामला उजागर हुआ और इलाके में सनसनी फैल गई।
मुजफ्फरनगर में खौफनाक वारदात!
Muzaffarnagar Murder Case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शक की वजह से एक व्यक्ति ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को संदेह था कि उसकी प्रेमिका किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती है। यही शंका धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि उसने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दे दिया।
जानकारी के अनुसार 14 जनवरी को आरोपी ने अपनी प्रेमिका को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। जब वह बेहोशी की हालत में गहरी नींद में चली गई, तो आरोपी ने उसका गला दबाकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद उसने चेहरे पर टेप चिपका दी, ताकि यदि सांस की कोई संभावना शेष हो तो वह भी समाप्त हो जाए। इसके बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रात का फायदा उठाया और उसे एक ठेले (रेहड़ी) पर लादकर सुनसान इलाके की ओर ले गया। इसी दौरान उसकी यह हरकत पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पूरे इलाके में मचा हड़कंप
बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 14 जनवरी को खतौली कोतवाली क्षेत्र में गंग नहर के किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के चेहरे पर टेप लगी हुई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पहचान कराई गई, जिसमें उसकी पहचान कस्बा निवासी ममता पत्नी कृष्ण पाल उर्फ कालिया के रूप में हुई।
क्यों रची साजिश?
पुलिस जांच में सामने आया कि ममता घरों में खाना बनाने और बर्तन धोने का काम करती थी। इसी कारण आरोपी संदीप ने उसे अपने घर खाना बनाने के लिए रखा था। संदीप की पत्नी की साल 2012 में मौत हो चुकी थी। साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। लेकिन कुछ समय बाद संदीप को ममता के व्यवहार पर शक होने लगा। उसे लगता था कि ममता किसी और से फोन पर बात करती है और उससे पैसे भी लेती है। इसी संदेह के चलते उसने हत्या की साजिश रची।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद वह शव को गंग नहर में फेंकना चाहता था, लेकिन वजन अधिक होने के कारण वह ऐसा नहीं कर सका। मजबूरन उसने सड़क किनारे शव छोड़ दिया और फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेडशीट, थैली, हैंडबैग, मृतका का पहचान पत्र, अन्य सामान और नशीली गोलियां भी बरामद कर ली गई हैं।