Bilaspur Shootout: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को उनके घर पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मार दी। इस मामले की छानबीन के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित की गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान भी चलाया है।
जांच के लिए SIT गठित
बकौल डीजीपी हिमाचल प्रदेश, बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को गोली मारी गई। बिलासपुर गोलीकांड मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस मुख्यालय शिमला के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ज्ञानेश्वर सिंह एसआईटी के काम की पूरी निगरानी करेंगे।
बंबर ठाकुर को कहां लगी गोली?
हमले में ठाकुर और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी घायल हो गए। ठाकुर के पैर में गोली लगी है और उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) रेफर किया गया है, जबकि निजी सुरक्षा अधिकारी को बिलासपुर एम्स ले जाया गया।
CM सुक्खू ने पूर्व विधायक से की बात
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बंबर ठाकुर से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा कि मैंने बंबर ठाकुर से बात की है और उनसे एम्स जाने का आग्रह किया है, लेकिन वह आईजीएमसी शिमला में इलाज कराना चाहते हैं। उपायुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
