Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले से एक चौंकाने वाली कहानी सामने आई है। रानियां क्षेत्र के गांव महम्दपुरिया में रहने वाले एक दिहाड़ी मजदूर की किस्मत वक्त पलट गई, उसके नाम पंजाब स्टेट डियर लॉटरी का पहला इनाम निकल आया। महज कुछ सौ रुपये की लॉटरी टिकट ने उसकी जिंदगी को एक झटके में बदल दिया।
दिहाड़ी मजदूरी से करोड़पति बनने की कहानी
गांव महम्दपुरिया निवासी 35 वर्षीय पृथ्वी सिंह वर्षों से दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। सीमित आमदनी के बीच उन्होंने किस्मत आजमाने के लिए डबवाली के किलियांवाली गांव से लॉटरी टिकट खरीदी थी। यह टिकट पंजाब स्टेट डियर लॉटरी ‘लोहड़ी मकर संक्रांति बंपर 2026’ की थी, जिसमें उन्हें 10 करोड़ रुपये का पहला इनाम मिला।
तीसरी बार खरीदी लॉटरी, निकला पहला इनाम
पृथ्वी सिंह ने बताया कि यह तीसरी बार था जब उन्होंने लॉटरी खरीदी थी। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनकी यह कोशिश उन्हें करोड़पति बना देगी। जीतने वाली लॉटरी का नंबर 327706 है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें इनाम की जानकारी मिली, उन्हें अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ।
परिवार में खुशी का माहौल
पृथ्वी सिंह के पिता का नाम देवीलाल है। उनके परिवार में पत्नी सुमन, बेटी रितिका और बेटा दक्ष हैं। उनकी पत्नी एक स्कूल में चपरासी के तौर पर कार्यरत हैं। इसके अलावा परिवार में एक भाई और तीन विवाहित बहनें हैं। पृथ्वी सिंह धानक समाज से संबंध रखते हैं। लॉटरी जीतने के बाद पूरे परिवार और गांवभर में खुशी का माहौल है।
बच्चों का भविष्य संवारने की तैयारी
लॉटरी की खबर फैलते ही पृथ्वी सिंह के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। सैकड़ों की संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और मिठाइयां बांटी गईं। परिवार के लिए यह खुशी का ऐसा पल था, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अपनी खुशी जाहिर करते हुए पृथ्वी सिंह ने कहा कि वे इस रकम से अपने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित करेंगे। वहीं उनकी पत्नी सुमन ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके घर में इतनी बड़ी खुशी आएगी। परिवार अब अपने अधूरे सपनों को पूरा करने की तैयारी में है।
