Hapur News: अंतरराष्ट्रीय बाजार में जहां चांदी की कीमतें लगातार ऊंचाई पर हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक अलग ही नज़ारा सामने आया है। यहां हाईवे पर चांदी जैसी धातु बिखरी हुई दिखाई दी, जिसे लोग तेजी से इकट्ठा करने में जुट गए।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठकर अपने हाथों से उस सफेद धातु को समेट रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह चांदी किसी चलते ट्रक से गिर गई थी, जिसके बाद राहगीरों ने उसे उठाना शुरू कर दिया।
सोमवार की सुबह गढ़मुक्तेश्वर से दिल्ली की ओर जा रहा एक ट्रक ततारपुर बाईपास पर दिल्ली-लखनऊ हाईवे से गुजर रहा था। रास्ते में ट्रक से कुछ सफेद रंग की धातु सड़क पर गिर गई। जैसे ही राहगीरों ने उस धातु को देखा, बसों से उतरकर महिलाएं और पुरुष उसे उठाने लगे।
जिसने जितनी कोशिश की, उतनी ही मात्रा में धातु उसके हाथ लगी। यह धातु वास्तव में चांदी है या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल लोग जल्दी-जल्दी उसे समेटकर वहां से निकल गए। खबर है कि यह घटना अभी तक पुलिस के ध्यान में नहीं आई है।
