शहर

देवास शराब कांड में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल का बेटा गिरफ्तार, केमिकल सप्लाई करने का आरोप

देवास शराब कांड में पुलिस ने इंदौर कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल को गिरफ्तार किया है। उस पर 6 हजार रुपये में मिक्स सॉल्वेंट के नाम पर अवैध शराब बनाने के लिए केमिकल सप्लाई करने का आरोप है।

Image

देवास शराब कांड में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Dewas Liquor Case: मध्य प्रदेश के चर्चितदेवास शराब कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान पुलिस ने इंदौर के कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल को गिरफ्तार किया है। अमन पर अवैध और नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला स्पिरिट और केमिकल सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को यह कार्रवाई की गई। फिलहाल अमन से पूछताछ की जा रही है और केमिकल सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है।

6 हजार रुपये में केमिकल बेचने का आरोप

पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी अजय राठौर को अमन कासलीवाल ने 6,000 रुपये में मिक्स सॉल्वेंट के नाम पर केमिकल बेचा था। नियमों के अनुसार यह केमिकल केवल रासायनिक उद्योगों या वैध फुटकर विक्रेताओं को ही दिया जा सकता है, लेकिन बिना बैकग्राउंड वाले व्यक्ति को यह सप्लाई करने की वजह से पुलिस ने अमन को 'दुष्प्रेरण' के आरोप में गिरफ्तार किया है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि अमन के पास बिक्री के कुछ कागजात भी थे, लेकिन नियमों के उल्लंघन के चलते पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

इस गिरफ्तारी के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पार्टी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने आरोप लगाया कि अमन और आनंद कासलीवाल लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में शामिल हैं और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का उन्हें संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध शराब से मिले पैसों का इस्तेमाल कांग्रेस के धरना-प्रदर्शनों में किया जा रहा था। बीजेपी ने मांग की है कि इस बात की भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए कि क्या आनंद कासलीवाल को प्रवक्ता का पद इसी अवैध फंडिंग की एवज में मिला था।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पहले ही देवास शराब कांड में दोषियों के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करने की मांग कर चुके हैं। अब अमन की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में निष्पक्ष जांच और समान कार्रवाई को लेकर राजनीतिक सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस केमिकल की सप्लाई, उसके इस्तेमाल और आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article