दिवाली पर कर्मचारियों को बोनस देने के लिए सूरत के एक कपड़ा व्यापारी ने अनोखा तरीका अपनाया है। पारंपरिक लिफाफे में बोनस देने के बजाय व्यापारी ने नोटों के बंडल से सजी थालियां कर्मचारियों की पत्नियों के हाथों उनके पतियों तक पहुंचवाईं। इस खास अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग व्यापारी की पहल की तारीफ कर रहे हैं।
सूरत के मोटा वराछा इलाके में कपड़े का कारोबार करने वाले रामस्वरूप मुंडे ने इस दिवाली अपने 20 कर्मचारियों को खास सरप्राइज देने का फैसला किया। उन्होंने कर्मचारियों को बोनस देने के लिए एक अलग ही व्यवस्था की। रामस्वरूप मूंड राजस्थान के बीकानेर के रहने वाले हैं और सूरत के वराछा इलाके के सुदामा चौक स्थित महादेव क्लॉथ सेंटर के मालिक हैं।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: दिवाली-छठ पर घर जाने के लिए चलाई जा रही हैं 18000 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें
पूजा की थाली में सजाए 10 से 500 रुपये तक के नोट
रामस्वरूप मुंडे ने चमचमाती पूजा की थालियों में 10, 20 से लेकर 500 रुपये तक के नए नोटों के बंडल करीने से सजाए। इसके बाद ये थालियां कर्मचारियों को सीधे देने के बजाय उनकी पत्नियों के हाथों भिजवाई गईं।
परिवारों में खुशी और भावुकता का माहौल बन गया
जब कर्मचारियों की पत्नियों ने अपने हाथों से सजी हुई थालियां उन्हें सौंपीं, तो वे इस सरप्राइज को देखकर हैरान रह गए। इस दौरान परिवारों में खुशी और भावुकता का माहौल बन गया।
इस अनोखे अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
बोनस देने के इस अनोखे अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग व्यापारी की तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि कर्मचारियों को सम्मान देने और उन्हें परिवार का हिस्सा मानने का यह तरीका खास है। इस पहल ने दिवाली के बोनस को सिर्फ आर्थिक इनाम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए इसे एक यादगार पल बना दिया।
