Ahmedabad Fire: गुजरात के महत्वपूर्ण शहर अहमदाबाद के श्यामल चार रास्ता इलाके में स्थित शांगरीला-2 आर्केड में आज यानी सोमवार 27 अप्रैल को अचानक आग लग गई। भीषण आग के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के ATM के पास आग भड़की थी। शुरुआत में मामूली दिखने वाली आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पार्किंग एरिया से होते हुए ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।
कुछ ही पलों में आग तेजी से बढ़ने लगी और ग्राउंड फ्लोर से होते हुए HR फिटनेस जिम तक पहुंच गई। जब यह आग फैली उस समय जिम के अंदर लगभग 25 से 30 लोग मौजूद थे, जो धुएं और आग के कारण अंदर फंस गए। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग लगने की इस घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद फायर ब्रिगेड की 20 से ज्यादा गाड़ियां और करीब 50 अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद पानी का लगातार छिड़काव कर आग पर काबू पा लिया गया। इस पूरी घटना में राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। लेकिन पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं और कुछ ही पलों में जलकर खाक हो गईं।
एहतियात के तौर पर श्यामल चार रास्ता से प्रह्लादनगर की ओर जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया। पुलिस और एफएसएल की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। घटना के बाद पूरे शांगरीला-2 आर्केड को खाली करवाया गया और जांच पूरी होने तक कॉम्प्लेक्स को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
