शहर

कश्मीर से दिल्ली तक ठंड का सितम, पश्चिमी विक्षोभ से बदल रहा मौसम का मिजाज; IMD ने जारी किया अलर्ट

उत्तर भारत में ठंड ने एक बार फिर अपना कहर दिखाया है और गणतंत्र दिवस के दौरान कई राज्यों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी के साथ मौसम शुष्क रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली से लेकर कश्मीर और राजस्थान तक मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

Image

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

North India Weather: उत्तर भारत में सोमवार को गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों के दौरान ठंड ने एक बार फिर अपना असर दिखाया। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह के समय आसमान साफ रहा, लेकिन तापमान में स्पष्ट कमी देखी गई। मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र पर न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले दो डिग्री से अधिक कम रहा।

दिल्ली में जारी हुआ येलो अलर्ट

दिल्ली का आयानगर क्षेत्र सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन के समय राजधानी में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक और एक दिन पहले की तुलना में लगभग पांच डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। उधर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 241 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि मंगलवार को दिल्ली में बारिश हो सकती है, जिसे देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

कश्मीर घाटी में मौसम ने ली करवट

कश्मीर घाटी में सोमवार शाम से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार घाटी के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी हिमपात भी हो सकता है। बादल छाए रहने की वजह से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, वहीं गुलमर्ग सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा

अधिकारियों के मुताबिक, दो दिनों के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात फिर से शुरू कर दिया गया है और फिसलन भरी सड़कों से फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दूसरी ओर, भारी बर्फबारी के चलते हिमाचल प्रदेश में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय संपर्क मार्ग बंद होने के कारण सैकड़ों पर्यटक मनाली में फंसे हुए हैं।

नए पश्चिमी विक्षोभ से बारिश के आसार

उत्तर भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। जयपुर में रात का तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि पंजाब के बठिंडा में पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article