शहर

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में हुआ बड़ा खुलासा, बॉलीवुड में खौफ पैदा करना चाहता था शुभम लोनकर

मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है। पुलिस जांच में अब एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी शुभम लोनकर का हाथ बताया जा रहा है, जिसका मकसद केवल रोहित शेट्टी को डराना नहीं, बल्कि पूरे बॉलीवुड में अपनी दहशत कायम करना है।

Image

फाइल फोटो (PTI)

Photo : PTI

Rohit Shetty News: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरार अपराधी शुभम लोनकर ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक चेतावनी जारी की है। इस घटना ने फिल्म जगत में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर्स के बढ़ते दखल की यादें ताजा कर दी हैं।

"यह सिर्फ ट्रेलर था"

शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पर 'जय बजरंग बली' के संबोधन के साथ एक पोस्ट साझा की है। इसमें उसने लिखा, "हमने रोहित शेट्टी को कई बार हमारे काम में दखल न देने को कहा था, लेकिन वह नहीं समझे। यह तो सिर्फ 'ट्रेलर' था। अगर अब भी नहीं माने, तो अगली गोली घर के बाहर नहीं, सीधे उनके सीने में लगेगी।" लोनकर ने अपनी पोस्ट में पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को चेतावनी देते हुए 'वक्त रहते सुधर जाने' की धमकी दी है।

5 सेलिब्रिटीज को मिली धमकी

खुफिया जानकारी के अनुसार, शुभम लोनकर के निशाने पर बॉलीवुड की कम से कम पांच बड़ी हस्तियां हैं। इन सितारों को रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल भी आए हैं। हालांकि, पुलिस के लिए चिंता की बात यह है कि डर के कारण अभी तक किसी भी सेलिब्रिटी ने आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस का कहना है कि अगर पीड़ित तथ्यों को छिपाएंगे, तो उनके लिए स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करना काफी चुनौतीपूर्ण होगा।

बॉलीवुड में वर्चस्व का खेल

पुलिस का मानना है कि इस हमले का मुख्य उद्देश्य पैसा ऐंठना और वर्चस्व स्थापित करना है। इससे पहले बिश्नोई गैंग ने सलमान खान और बाबा सिद्दीकी जैसे नामों को अलग-अलग कारणों से निशाना बनाया था, लेकिन रोहित शेट्टी और अन्य हस्तियों को दी जा रही धमकियां सीधे तौर पर वसूली और बॉलीवुड में खौफ पैदा करने से जुड़ी हैं। हालांकि, खुद रोहित शेट्टी ने पुलिस को दिए अपने बयान में किसी भी तरह के धमकी भरे कॉल मिलने की बात से इनकार किया है।

शूटरों की तलाश में जुटी पुलिस की कई टीमें

क्राइम ब्रांच की कई टीमें शूटरों की तलाश में देश के अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि शूटरों की गिरफ्तारी के बाद यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि हमला किसके सटीक इशारे पर हुआ था और इस साजिश के तार कहां तक फैले हुए हैं। फिलहाल, पूरी फिल्म सिटी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस सेलिब्रिटीज को निडर होकर सामने आने की अपील कर रही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article