शहर

आरजी कर मामले में अब नए सिरे से होगी जांच, सीएम सुवेंदु अधिकारी बोले- पुलिस ने नहीं निभाई अपनी जिम्मेदारी

आरजी कर दुष्कर्म और हत्या मामले में पश्चिम बंगाल सरकार ने जांच को नए सिरे से आगे बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस की पिछली कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच नहीं की गई।

Image

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

RG Kar Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की महिला डॉक्टर से जुड़े दुष्कर्म और हत्या के मामले की दोबारा जांच कराने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर मामले में पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए जांच को नए सिरे से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर जांच एजेंसियां समय पर और प्रभावी ढंग से अपना कर्तव्य निभातीं, तो स्थिति अलग हो सकती थी। अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि नए सिरे से होने वाली जांच में मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राज्यभर के सरकारी अस्पतालों में रखा गया मौन

वहीं राज्यभर के सभी सरकारी अस्पतालों में रविवार को महिला डॉक्टर की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। गौरतलब है कि स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर का 9 अगस्त 2024 को शव मिलने के बाद व्यापक विरोध प्रदर्शनों की अगुवाई करने वाले वेस्ट बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट ने उत्तर कोलकाता के चितपुर में वंचित लोगों के लिए एक चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें शामिल एक चिकित्सक ने कहा, ’’हम ड्यूटी कर रही उस चिकित्सक के लिए न्याय की मांग को लेकर यह शिविर आयोजित कर रहे हैं, जिसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।"

डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने का आदेश

पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. शरदवत मुखर्जी और वरिष्ठ अधिकारियों ने साल्ट लेक स्थित विभाग के मुख्यालय स्वास्थ्य भवन में दो मिनट का मौन रखा। उत्तर कोलकाता स्थित आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सुरक्षा के लिए तैनात अर्धसैनिक बल के जवान भी चिकित्सकों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों के साथ दो मिनट के मौन में शामिल हुए। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से दुष्कर्म और उसकी हत्या की गंभीर घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट ने डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाने का आदेश दिया था। इनमें आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती भी शामिल थी।

संजय रॉय को आजीवन कारावास की सजा

सियालदह सत्र अदालत ने इस मामले में संजय रॉय नाम के व्यक्ति को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है, लेकिन महिला चिकित्सक के माता-पिता और उनके कई सहकर्मियों का दावा है कि अपराध में अन्य लोग भी शामिल थे। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) इस मामले में कथित साजिश के पहलू की कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश पर जांच कर रहा है। वहीं प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की मां अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार के रूप में उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी सीट से निर्वाचित हुई थीं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article