राँची

Giridih News: जिंदगी पर भारी कर्ज का बोझ, गिरिडीह की महिला ने मौत को लगाया गले

गिरिडीह जिले के तीसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की प्रताड़ना से परेशान होकर सुलेखा देवी नामक एक महिला ने सोमवार को फांसी लगाकर अपनी जान ले ली।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मियों की प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने सोमवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतका का नाम सुलेखा देवी है। वह तीसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव की रहने वाली थी। उसके पति अमरजीत शर्मा दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं। बताया गया कि सुलेखा देवी ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी से 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज की कुछ किस्त वह अदा नहीं कर पाई थी। इसकी वसूली के लिए कंपनी के कर्मचारी उसपर लगातार दबाव डाल रहे थे।

कंपनी के लोग पहुंचे महिला के घर

कंपनी के कर्मचारी सोमवार सुबह भी सुलेखा देवी के घर पहुंच गए और उस पर तत्काल बकाया रकम चुकाने का दबाव डालने लगे। महिला ने मोहलत मांगी, लेकिन कंपनी के लोग रकम न चुकाने पर धमकी देने लगे। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई। कंपनी के कर्मी सुलेखा देवी के घर के बाहर जमे रहे। इसी दौरान सुलेखा देवी ने अपने घर के भीतर फांसी लगा ली। उसे आनन-फानन में फंदे से उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

महिला ने की आत्महत्या

घटना के बाद कंपनी के कर्मी मौके से भाग गए। घटना की सूचना गड़कुरा पंचायत के मुखिया इब्राहिम मियां ने पुलिस को दी। इसके बाद महिला का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। तीसरी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुकी ऐसी घटनाएं

झारखंड में माइक्रो फाइनेंस और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की प्रताड़ना की वजह से जान देने की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पिछले साल अक्टूबर में गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली गांव निवासी बबलू अंसारी की पत्नी जैबुन खातून ने भी माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एजेंटों की प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खा लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके पहले पिछले साल 29 सितंबर को चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के हारा नौकाडीह गांव में भी एक 17 वर्षीया युवती ने लोन देने वाली कंपनी के कर्मियों और एजेंट द्वारा की गई मारपीट से आहत होकर जहर खा लिया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

इनपुटः आईएएनएस

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article