कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों पीएफ अकाउंट होल्डर को सहूलियत देने के लिए अपनी बेवसाइट में बड़ा बदलाव किया है। इससे पीएफ क्लेम करने से लेकर अकाउंट में पैसा आने का प्रोसेस तेज हो गया है। इतना ही नहीं, कई नियम में भी बदलाव किए गए हैं। अब जल्द ही ईपीएफओ अपने अकाउंट होल्डर के लिए WhatsApp के जरिेये AI चैट बॉट लॉन्च करने जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, यह चैट बॉट अगस्त में लॉन्च हो सकता है। इसके लॉन्च होने पर पीएफ अकाउंट होल्डर बैंक की तरह WhatsApp पर ही PF बैलेंस, हर महीने का PF अंशदान, ब्याज क्रेडिट और क्लेम स्टेटस जैसी जरूरी जानकारी ले पाएंगे। अभी देशभर के अधिकांश बैंक WhatsApp बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
WhatsApp चैट बॉट से होंगे ये काम
मिली जानकारी के अनुसार, पीएफ अकाउंट होल्डर WhatsApp के जरिए सवाल पूछ सकेंगे या पेंडिंग कामों के बारे में अलर्ट पा सकेंगे। सदस्य के यूनिवर्सल अकाउंट नंबर से जुड़े मोबाइल नंबर की पुष्टि होने के बाद, सिस्टम स्थानीय भाषाओं में सर्विस के विकल्प दिखाएगा। जवाब या तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट से मिलेंगे या EPFO डेटाबेस में खोजकर दिए जाएंगे। अगर यूज़र्स को आधार वेरिफिकेशन या बैंक अकाउंट की जानकारी अपडेट करने जैसे काम पूरे करने हों, तो उन्हें WhatsApp नोटिफिकेशन मिल सकते हैं।
मंत्री मनसुख मंडाविया ने दी थी जानकारी
आपको बता दें कि मई महीने में केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया था कि भविष्य निधि संगठन (EPFO), अपने अकाउंट होल्डर के लिए WhatsApp-आधारित चैटबॉट सेवाएं शुरू करेगा। इसका मकसद फिजिकल विजिट और कॉल सेंटर पर निर्भरता कम करना है। मंडाविया ने बताया था कि सदस्य EPFO के साथ बातचीत शुरू करने के लिए बस EPFO के रजिस्टर्ड WhatsApp नंबर पर 'Hello' टाइप कर सकते हैं। सुरक्षा और भरोसे के लिए इस नंबर पर ग्रीन टिक मार्क लगा होगा। वे EPFO के साथ रजिस्टर्ड अपने मोबाइल नंबर पर EPFO से मैसेज पाने का विकल्प भी चुन सकते हैं।
