Scramble for Tickets in Ranchi Stadium: शहर के धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम में 27 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मैच खेला जाना है। इस अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर सूबे के युवाओं में काफी उत्साह है। टिकट को लेकर मारामारी हो रही है। मंगलवार से स्टेडियम के काउंटर से टिकट की बिक्री होने लगी है। इस दिन टिकट बिक्री के दौरान एक युवक और पुलिस कर्मियों में काफी देर तक झड़प हुई।
फिर पुलिस उक्त युवक को हिरासत में ले ली। दरअसल, युवक लाइन के बाहर बैरिकेडिंग की ओर से टिकट लेने का प्रयास कर रहा था। पुलिस कर्मी उसे ऐसा करने से लगातार मना कर रहे थे, लेकिन वह नहीं मान रहा था। फिर युवक ने पुलिस कर्मियों के साथ नोकझोंक करने लगा।
उक्त युवक ने वहां पर भगदड़ मचाने का प्रयास किया। तब पुलिस उसे थाना ले गई। बता दें टिकट काउंटर पर धांधली रोकने के लिए पुलिस कर्मी काफी सक्रिय हैं। इस हंगामे के बाद स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हो।
