राँची

Dhanbad: एंटी क्राइम अभियान में बड़ी सफलता; पुलिस भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़ा रैकेट का हुआ भंडाफोड़, 17 गिरफ्तार

धनबाद पुलिस को झारखंड पुलिस मुख्यालय के एंटी क्राइम अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। झरिया थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध कार की जांच के दौरान पुलिस ने एक बड़े परीक्षा फर्जीवाड़ा रैकेट का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया और फर्जीवाड़ा करने के सभी साधन बरामद किए गए।

Image

धनबाद में बड़े एग्जाम फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Dhanbad Police Exam Fraud Network Bust: धनबाद पुलिस को झारखंड पुलिस मुख्यालय के एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 29 नवंबर को झरिया थाना क्षेत्र के घनुवाडीह पुल के पास एक संदिग्ध कार की जांच के दौरान पता चला कि वाहन में सवार लोग पश्चिम बंगाल में होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने की साजिश में शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि एक संगठित रैकेट झरिया के एक लॉज में बंगाल से आए अभ्यर्थियों को रखकर उन्हें प्रश्नपत्र और उत्तर याद करवाने का काम कर रहा था।

यहां पर हुई छापेमारी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झरिया में स्थित बंधन लॉज पर तुरंत छापेमारी की, जिससे फर्जीवाड़ा करने वाले पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ। मौके पर भारी संख्या में प्रवेश पत्र, नोट्स, रजिस्टर, मोबाइल फोन, कलाई घड़ियां, अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए। रैकेट के सदस्य इन सभी दस्तावेजों का इस्तेमाल परीक्षा को प्रभावित करने के लिए करने वाले थे।

सभी पहलुओं से जांच जारी

कार्रवाई के दौरान कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें अधिकतर पश्चिम बंगाल के नदिया, राणाघाट, चाकदाहा और हसखली क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी धनबाद का भी है। पुलिस जांच में यह पता चला कि यह गिरोह कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में धोखाधड़ी के जरिए सफलता दिलाने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रहा था। धनबाद पुलिस के अनुसार, यह पूरे नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई है और इस फर्जीवाड़े से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article