Vande Mataram Row: देश में एक बार फिर वंदे मातरम् को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुखिया फारूक अब्दुल्ला की मौजूदगी में एक कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के सभी छह अंतरे गाए जाने के बाद सहयोगी दलों को बड़ी नसीहत दी है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस को 21वीं सदी की मुस्लिम लीग करार दिया।
क्या है पूरा मामला?
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन के दौरान सोमवार को 'वंदे मातरम्' के सभी छह अंतरे गाये गए। इस कार्यक्रम में फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे। साथ ही, जब राष्ट्रीय गीत के सभी छह अंतरे गाये जा रहे थे तब इसके सम्मान में फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला खड़े रहे।
इसको लेकर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों को स्वतंत्रता सेनानियों के विवेक और निर्णय का सम्मान करते हुए राष्ट्रीय गीत के केवल उसी संस्करण को गाना चाहिए जिसे उन्होंने अपनाया था।
वेणुगोपाल ने कहा कि यह गीत को सांप्रदायिक रंग दिए जाने से बचाने के लिए सोच-समझकर किया गया फैसला था और आज भी यह खतरा उतना ही वास्तविक है। उन्होंने 'एक्स' पर वीडियो जारी कर कहा, ''महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, राजेंद्र प्रसाद, आचार्य नरेंद्र देव, मौलाना आजाद, सरोजिनी नायडू और जे.बी. कृपलानी का विचारित निर्णय कांग्रेस के लिए सर्वोपरि है।''
सहयोगी दलों को कांग्रेस की नसीहत
वेणुगोपाल ने कहा कि इस निर्णय को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के परामर्श का भी महत्वपूर्ण योगदान था। कांग्रेस नेता ने कहा कि सम्मान और विनम्रता के साथ हम अपने सहयोगियों से आग्रह करते हैं कि वे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की बुद्धिमत्ता और निर्णय का सम्मान करें और हमारे साथ केवल उस संस्करण को गाने में खड़े हों जिसे उन्होंने अपनाया था।
बकौल वेणुगोपाल, वंदे मातरम् का वह संस्करण (दो छंदो वाला) सोच- समझकर चुना गया था ताकि गीत का सांप्रदायिकीकरण न हो, एक ऐसा खतरा जो तब भी उतना ही वास्तविक था जितना आज है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हमारे सामने सभी बराबर', राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में SC की सख्त टिप्पणी; कहा- जल्दी सुनवाई चाहिए तो अर्जी दें
भाजपा ने कांग्रेस को घेरा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे 21वीं सदी की मुस्लिम लीग बताया। उन्होंने कहा, ''वंदे मातरम् के संपूर्ण गायन को लेकर संसद द्वारा पारित नियम के बावजूद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर जो आपत्ति की है उसने उसका असली चेहरा सामने ला दिया है।''
सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि कांग्रेस के सहयोगी दलों, यहां तक कि एनसीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता भी संपूर्ण वंदे मातरम् के गायन में सम्मिलित हो रहे हैं, मगर कांग्रेस को आपत्ति है। अर्थात् कांग्रेस के गठबंधन सहयोगी भी उसके साथ नहीं हैं केवल मुस्लिम लीग को छोड़कर।वेणुगोपाल जी महात्मा गांधी, सरदार पटेल और राजेंद्र बाबू का नाम लेते हैं, लेकिन केरल में, जहां से राहुल गांधी सांसद रह चुके हैं और प्रियंका गांधी सांसद हैं, जहां कांग्रेस का मुख्यमंत्री है वहां कांग्रेस के नेता प्रथम दो छंद भी नहीं बोल रहे। यानि अपने ही पूर्वजों का अपमान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब कोई संदेह नहीं, कांग्रेस 21वीं सदी की मुस्लिम लीग बन चुकी है। सेकुलरिज्म का नकाब उतर चुका है और कांग्रेस ने कट्टरपंथी ताकतों के आगे पूर्ण रूपेण आत्मसमर्पण कर अपने को नई मुस्लिम लीग बना रही है।
