राँची

Jharkhand: गढ़वा में ऑनर किलिंग का मामला; प्रेमी के साथ देख पिता ने बेटी को पीट-पीटकर मार डाला, जलती चिता से पुलिस ने निकाला शव

झारखंड के गढ़वा जिले में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 17 वर्षीय किशोरी को उसके पिता ने प्रेमी के साथ देखे जाने पर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद परिजनों ने शव को छुपाकर रात में अंतिम संस्कार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की समय रहते कार्रवाई की और भाई और पिता को हिरासत में ले लिया।

Image

पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है पुलिस

Photo : Times Now Digital

Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले से दिल दहला देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक 17 वर्षीय किशोरी को उसके ही पिता ने मौत की सजा दे दी, क्योंकि वह अपने प्रेमी के साथ देखी गई थी। परिजनों ने बेटी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शातिर तरीके से परिवार ने दिन ढलने का इंतजार किया और रात होते ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर दी। लेकिन पुलिस की समय रहते मिली जानकारी ने इस जघन्य अपराध को बेनकाब कर दिया।

पिता और भाई हिरासत में

घटना गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां गुरुवार दोपहर किशोरी को घरवालों ने एक युवक के साथ देख लिया। परिजनों ने गुस्से में आकर उसकी इतनी पिटाई कर दी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद घरवालों ने मृतका के शव को कमरे में बंद कर दिया और शाम होते ही अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की। गांव के लोगों की मदद से बगही श्मशान घाट में चिता तैयार की गई और शव को आग के हवाले कर दिया गया। इस बीच, किसी ग्रामीण ने गढ़वा थाना पुलिस को पूरी बात की सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत श्मशान घाट पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही परिजन और गांव के कुछ लोग मौके से फरार हो गए लेकिन पुलिस ने हिम्मत दिखाते हुए जलती चिता से शव को उठाकर अपने कब्जे में ले लिया। पिता और भाई को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी पिता ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि लड़की का एक युवक से प्रेम संबंध था और गुस्से में की गई पिटाई के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की जांच जारी

गढ़वा के SDPO नीरज कुमार ने मामले को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि इस मामले पर यह संवेदनशील और जघन्य मामला है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और षड्यंत्र रचने की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। गढ़वा पुलिस अब फरार अन्य परिजनों और गांव के उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने हत्या छुपाने में मदद की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई और खुलासे होने की संभावना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!