शहर

Chhattisgarh: महासमुंद में खैर लकड़ी केस में नया मोड़, आरोपी के घर से 81 लाख बरामद

Mahasamund News: महासमुंद में खैर लकड़ी के कथित अवैध कारोबार और फर्जी NOC मामले की जांच में पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के घर से 81 लाख रुपये बरामद किए। तलाशी में 500-500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां मिलीं।

Image

महासमुंद में छापेमारी के दौरान मिला लाखों का कैश, पुलिस ने जब्त किए 81 लाख

Photo : Times Now Digital

Chhattisgarh Khair Wood Smuggling Case: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खैर लकड़ी के कथित अवैध कारोबार और फर्जी NOC मामले की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार स्थित मकान पर छापेमारी कर 81 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में यह नकदी कहां से आई और इसका इस कथित अवैध कारोबार से क्या कनेक्शन है।

यह पूरा मामला 23,350 किलो खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला कि लकड़ी के परिवहन के लिए इस्तेमाल की गई एनटीपीएस एनओसी (NTPS NOC) में कथित तौर पर भारी फर्जीवाड़ा किया गया था। जब पुलिस ने इस मामले की फाइलें खंगालीं और जांच को आगे बढ़ाया, तो पुख्ता सुराग मिलने पर आरोपी के ठिकाने की तलाशी के लिए अदालत से सर्च वारंट हासिल किया गया।

घर की तलाशी में मिले 500-500 के नोटों के बंडल

पुलिस टीम ने 7 सितंबर को सरसींवा के मुड़पार स्थित आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को एक थैले में 500-500 रुपये के नोटों की कुल 162 गड्डियां मिलीं। मौके पर ही इन नोटों की गिनती करने पर कुल रकम 81 लाख रुपये निकली। महासमुंद पुलिस ने बिना किसी देरी के पूरी नकदी को मौके पर ही जब्त कर लिया।

BNSS के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इतनी भारी मात्रा में मिली इस नकदी को अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) माना गया है। इसके तहत बीएनएसएस (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article