राँची

आज झारखंड बंद! रांची में जगह-जगह सड़कें और चौराहे जाम, पुलिस हिरासत में कई नेता

Jharkhand Band: रांची में बुधवार को भाजपा नेता अनिल महतो टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद प्रदेशभर में बीजेपी ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। जिसका व्यापक असर प्रदेश की राजधानी रांची में देखने को मिल रहा है। कई नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Jharkhand Band: भाजपा नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में बीजेपी ने आज झारखंड बंद का अह्वान किया गया है। जिसे जेडीयू, आजसू समेत कई संगठनों का समर्थन मिला। इस बंद का सबसे ज्यादा असर रांची में देखने को मिल रहा है। बीजेपी और आजसू के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के चलते यहां की कई सड़कों को जाम कर दिया। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीजेपी नेता भैरो सिंह, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, बीजेपी मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, भाजपा नेता कामेश्वर सिंह को हिरासत में लिया।

रांची को बताया अपराध की राजधानी

प्रतुल शाहदेव ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि पुलिस अपराधियों के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे राजनीतिक नेताओं को पकड़ रही है। उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए रांची को अपराध की राजधानी बताया। शाहदेव ने कहा कि पुलिस स्टेशन से केवल 25 मीटर दूर एक जनप्रतिनिधि की दिनदहाड़े हत्या हो गई। पुलिस आज मुझे हिरासत में लेने आई है। काश यह प्रयास पुलिस ने तब दिखाया होता, जब उनपर फायरिंग हुई।

अनगड़ा में भी बंद का प्रभाव

झारखंड बंद का सबसे ज्यादा असर प्रदेश की राजधानी रांची में नजर आ रहा है। यहां कई जगहों पर सड़कों और चौराहों को जाम कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रांची के काठीटांड़ रातू चौक, नेवारी विकास गोलचक्कर, ओरमांझी चौक, रांची-पिस्का मोड़, भारत माता चौक को जाम कर दिया है। इसके अलावा अनगड़ा में भी बंद का असर देखने को मिल रहा है। यहां बीजेपी और आजसू कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार गोंदलीपोखर, गेतलसूद, मिलन चौक में टायर जलाकर और बांस लगाकर रोड जाम की गई हैं।

एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रांची में बुधवार को बीजेपी नेता अनिल टाइगर की कांके थाना क्षेत्र में कांके चौक के पास अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिससे आरोपी के जांघ में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article