Jharkhand Train Derailment: झारखंड के सिमडेगा जिले में बुधवार सुबह एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने की घटना सामने आई, जिससे रेल यातायात बाधित हो गया।अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में सुबह करीब 10:15 बजे कानारोआन रेलवे स्टेशन के पास हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुची सिंह ने बताया कि मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से आठ पलट गए। बताया जा रहा है कि, यह ट्रेन लौह अयस्क से लदी हुई थी। पुलिस का कहना है कि, इस दुर्घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे के कारणों की जानकारी नहीं
अधिकारियों ने बताया कि यह मालगाड़ी ओडिशा के बोन्दामुंडा से रांची की ओर लौह अयस्क (Iron Ore) लेकर जा रही थी। उन्होंने कहा कि ट्रेन के पटरी से उतरने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और इसकी जांच जारी है। सुची सिंह के अनुसार, दुर्घटना की वजह से कई ट्रेनों का मार्ग बदलना पड़ा, कुछ को बीच रास्ते में रोक दिया गया और कुछ को रद्द भी करना पड़ा। उन्होंने जानकारी दी कि पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस को टाटी स्टेशन पर रोका गया और बाद में उसे ओडिशा के राउरकेला की दिशा में वापस भेज दिया गया।
ये रेल सेवाएं हुईं बाधित
अधिकारियों ने बताया कि उस ट्रेन में करीब 1,300 यात्री सवार थे। यात्रियों को हटिया पहुंचाने के लिए राउरकेला स्टेशन से बसों की व्यवस्था की गई है। हादसे के बाद हटिया-राउरकेला पैसेंजर और हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेनों को बुधवार के लिए रद्द कर दिया गया है, जबकि हटिया-झारसुगुड़ा मेमू ट्रेन को बीच में ही रोक दिया गया। इसके अलावा, संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस (15027), विशाखापत्तनम-बनारस एक्सप्रेस (18523), सर एम. विश्वेश्वरैया बेंगलुरु टर्मिनल-हटिया एक्सप्रेस (12836) और धनबाद-अलाप्पुझा एक्सप्रेस (13351) समेत नौ ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
