भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में Hyundai Motor India अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी FY2030 तक भारतीय बाजार में दो दर्जन से ज्यादा नए मॉडल पेश करने की योजना पर काम कर रही है। इनमें एक नई सब-4 मीटर इलेक्ट्रिक SUV भी शामिल है, जिसे फिलहाल HE1i कोडनेम दिया गया है। इस इलेक्ट्रिक SUV का मुकाबला Tata Punch EV जैसी कारों से होने की उम्मीद है। इसे इस साल के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है।
टेस्टिंग के दौरान दिखी नई इलेक्ट्रिक SUV
Hyundai की यह छोटी इलेक्ट्रिक SUV कई बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखी जा चुकी है। हालिया स्पाई शॉट्स में इसके केबिन से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें Hyundai का नया Pleos Connect नेक्स्ट-जेनरेशन इंफोटेनमेंट सिस्टम देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, कार में Sequential Turn Indicators भी दिए जाने की उम्मीद है।
मिलेगा नया Pleos Connect सिस्टम
Pleos Connect सिस्टम को सबसे पहले Hyundai Grandeur में देखा गया था। इसके बाद कंपनी ने इसे Ioniq 3, Elantra और Tucson जैसे मॉडल्स में भी पेश किया है। इस सिस्टम का उद्देश्य ड्राइवर को जरूरत की महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है, ताकि स्क्रीन पर गैर-जरूरी जानकारी का बोझ कम रहे। इस सेटअप में बड़ा सेंट्रल टचस्क्रीन और ड्राइवर के सामने डैशबोर्ड पर लगा छोटा डिजिटल डिस्प्ले शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े डिस्प्ले का साइज 17 इंच और छोटे डिस्प्ले का साइज 9.9 इंच हो सकता है। हालिया स्पाई शॉट्स में छोटा डिस्प्ले साफ दिखाई देता है, जबकि सेंटर स्क्रीन को कवर किया गया है।
फीचर्स हो सकते हैं खास
Hyundai की इस इलेक्ट्रिक SUV में वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, सनरूफ और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, सीटिंग अरेंजमेंट को ज्यादा प्रैक्टिकल बनाया जा सकता है, जिससे यात्रियों और सामान के लिए बेहतर स्पेस मिल सके। सेफ्टी के लिहाज से इसमें 7 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और Level 2 ADAS जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। यह SUV Hyundai के मॉड्यूलर E-GMP (K) प्लेटफॉर्म के डेरिवेटिव पर आधारित हो सकती है।
450km तक की मिलेगी रेंज?
पावरट्रेन की बात करें तो इसमें करीब 40-50kWh क्षमता का बैटरी पैक दिया जा सकता है। इसकी संभावित क्लेम्ड रेंज करीब 450 किलोमीटर हो सकती है। भारत में ही इसके निर्माण के साथ कंपनी इसमें हाई लोकलाइजेशन का इस्तेमाल कर सकती है। इसकी शुरुआती कीमत 10 लाख रुपये से कम रखी जाती है तो यह Tata Punch EV समेत दूसरी छोटी इलेक्ट्रिक SUVs को कड़ी टक्कर दे सकती है।
