Punjab News: पंजाब सरकार ने राज्य स्तरीय 'सफाई अभियान 2.0' (Mega Cleanliness Drive) को 12 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला किया है। नागरिकों की बड़ी भागीदारी और एम-सेवा ऐप पर मिली शिकायतों में 83 फीसद से ज्यादा के निपटारे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इसकी जानकारी देते हुए सभी 166 शहरी स्थानीय निकायों में नागरिक भागीदारी को और मजबूत करने के लिए अगले चार शनिवार 'मेगा सफाई अभियान' चलाने की घोषणा की।
यह अभियान 29 अगस्त को शुरू हुआ था। इसके तहत पंजाब के सभी 14 नगर निगमों और 152 नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों को कवर किया गया। सरकार का फोकस शहरों में सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ नागरिकों को भी इस मुहिम से जोड़ने पर है।
एम-सेवा ऐप पर मिलीं 6459 शिकायतें
मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि अभियान के दौरान एम-सेवा ऐप के जरिए 6459 नागरिक शिकायतें मिलीं। इनमें से 5407 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है, जो 83 फीसद से अधिक है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग और शिकायतों के समाधान को देखते हुए अभियान की अवधि बढ़ाई गई है।
सरकार अब सफाई व्यवस्था में लोगों की भागीदारी को नियमित और संस्थागत स्वरूप देने की तैयारी में है। इसके तहत 12 सितंबर से लगातार चार शनिवार मेगा सफाई अभियान आयोजित किए जाएंगे।
NGO से लेकर RWA तक होंगे शामिल
इन अभियानों में गैर-सरकारी संगठन, मार्केट एसोसिएशन, युवा क्लब, धार्मिक संगठन और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) भाग लेंगे। मंत्री ने नागरिकों से अपील की है कि वे शनिवार को दो से तीन घंटे निकालकर पार्कों, बाजारों और अपने आसपास के इलाकों की सफाई में सहयोग करें।
दोबारा कूड़ा डालने पर लगेगा जुर्माना
स्थानीय निकाय विभाग ने शहरों में गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVP) पर दोबारा कूड़ा जमा होने से रोकने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू की है। नागरिकों से कहा गया है कि कलेक्शन वैन के पहुंचने तक कूड़ा अपने घर में ही रखें और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। सरकार ने संकेत दिया है कि जागरुकता अभियान के बाद सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही शहरी पंजाब में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था बनाई जा सकती है। अभियान खत्म होने के बाद स्थायी रूप से हटाए गए GVP की तस्वीरों के साथ विस्तृत डेटा विश्लेषण भी जारी किया जाएगा।
