राँची

रांची के बार में अपराधियों ने डीजे को Point Blank गोली मारी, देखें CCTV Footage

रांची के बार में बदमाशों की फायरिंग का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में अपराधियों ने बार के डीजे के सीने से बंदूक सटाकर गोली मार दी। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Image

रांची के बार में सरेआम गोलीबारी

Photo : Times Now Digital

झारखंड की राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां अपराधियों ने एक बार डीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में अपराधी द्वारा डीजे को प्वाइंट ब्लैंक गोली मारते हुए देखा जा सकता है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

मामला रांची के चुटिया थाना क्षेत्र का है। रविवार आधी रात हुई फायरिंग में बार के एक कर्मचारी की मौत हो गई। जैसे ही इस संबंध में जानकारी मिली, पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 1 बजे चार अपराधी यहां के एक्सट्रीम बार में घुस आए। अपाधियों ने बार के डीजे संदीप उर्फ सैंडी को गोली मारी और वहां से फरार हो गए। गोली लगने से लहूलुहान संदीप को तुरंत रिम्स भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आज यानी सोमवार सुबह-सुबह रांची सिटी डीएसपी वी रमन, ने चुटिया थाना पुलिस के साथ एक्सट्रीम बार का दौरा किया। बार के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, जिसमें संदीप को गोली मारने की घटना साफ-साफ कैद हुई है। अब इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश की जा रही है।

दरअसल रविवार रात बार में चार-पांच युवक शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनकी डीजे संदीप और बार के कुछ अन्य कर्मचारियों के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। यह बहस देखते ही देखते झड़प में बदल गई। हालांकि, मामले को किसी तरह से शांत कराया गया।

लेकिन कुछ देर बार शराब पी रहे पांचों युवक बार में वापस लौट आए। उस समय बार बंद हो चुका ता और डीजे संदीव व अन्य कर्मचारी बार से अपने घर की ओर निकल रहे थे। इसी दौरान उन पर यह हमला हुआ। एक युवक डीजे संदीप के सामने बंदूक लेकर आया और बंदूक की नाल संदीप के सीने पर तान दी, इससे पहले कि संदीप कुछ प्रतिक्रिया देता गोली चल गई।

गोली लगने के बाद संदीप लड़खड़ाकर एक कोने में गिर गया। इसके बाद बदमासों ने बार के अंदर घुसकर कई राउंड और फायरिंग की और फिर वहां से फरार हो गए।

फायरिंग की घटना की जानकारी मिलने पर रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस गोलीबारी और हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए SIT का भी गठन कर दिया गया है। एसएसपी के अनुसार मामले की जांच चल रही है और दो-चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article