राँची

रांची में सरहुल जुलूस के दौरान दो गुटों में टकराव, आक्रोशित आदिवासी सड़क पर उतरे, बंद किए गए बाजार

Ranchi News: रांची में आदिवासियों के त्योहार के दौरान दो गुटों में हुए टकराव और मारपीट से गुस्साए आदिवासी सड़कों पर उतरे और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान बजारों को भी बंद कर दिया गया है।

Image

रांची में सरहुल जुलूस के दौरान दो गुटों में टकराव

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में सरहुल त्योहार के दौरान 1 अप्रैल की शाम को हुई दो पक्षों के बीच टकराव और मारपीट की घटना पर अभी तक बवाल मचा हुआ है। यहां आदिवासियों के संगठन केंद्रीय सरना समिति के बैनर तले सैकड़ों लोग इस घटना के विरोध में गुरुवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने रांची-पतरातू रोड को सुबह नौ बजे से ही जाम कर दिया। पिठौरिया बाजार की दुकानें भी बंद करा दी गई हैं। आक्रोशित लोग मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

महिलाओं के साथ मारपीट को लेकर सड़क पर उतरे आदिवासी

इस घटना से आक्रोशित लोगों का कहना है कि आदिवासियों के त्योहार पर न सिर्फ शोभायात्रा को बाधित किया गया, बल्कि पाहन (पुजारी) और अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान महिलाओं के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई। इस घटना को लेकर बुधवार को हमलावरों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

पिठौरिया के हेठबालू गांव में एक समुदाय के लोगों ने अपने त्योहार को लेकर सड़क के दोनों छोर पर बिजली की लड़ियां लगाई थीं। मंगलवार को आदिवासियों के त्योहार सरहुल पर इसी रास्ते से जब जुलूस निकला तो उनके झंडों से सड़क किनारे लगी बिजली की कई लड़ियां टूट गईं। इसी बात पर दो पक्षों में विवाद इस तरह बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे।

आरोपियों की गिरफ्तारी की उठी मांग

इस घटना में रवि पाहन, नगदेव पाहन, पईनभोरा मुंडा और संदीप मुंडा घायल हो गए। पथराव और मारपीट की घटना को लेकर आदम अंसारी, आरिफ अंसारी, मिंटु अंसारी और जुएफा अंसारी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

आवेदन में कहा गया है कि हेठबालू गांव में जैसे ही सरहुल शोभायात्रा हरगढ़ी स्थान पर पहुंची, तो पहले से घात लगाए हमलावरों ने अचानक शोभायात्रा पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस बीच पुलिस ने हमले की घटना के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोग सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और अन्य कर रहे हैं। दोपहर एक बजे तक रांची-पतरातू रोड पर आवागमन बाधित है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article