शहर

Rajasthan Weather: राजस्थान में नए साल पर बारिश और ओलों की मार, ठंड का तांडव जारी

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01-January-2026 जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा में मौसम का पूर्वानुमान: राजस्थान में नए साल की शुरुआत बारिश के साथ हुई। बुधवार को कई जगहों पर ओले भी गिरे। जिसके साथ ही तेज ठंड का दौर राजस्थान में शुरू हो गया है। बुधवार को करौली में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रहा, यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

Image

राजस्थान का मौसम

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01-January-2026: राजस्थान में नए साल की शुरुआत बारिश और ओले गिरने के साथ हुई। कई जिलों में आज सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश देखने को मिली। जयपुर, अजमेर और चित्तौड़गढ़ समेत कई शहरों में बारिश दर्ज की गई। वहीं बीकानेर में बुधवार देर रात को ओलावृष्टि हुई। जिससे सर्दी का एहसास और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आज नए साल के पहले दिन जयपुर, भरतपुर संभाग के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही आज कई जिलों में शीतलहर चलने और घने कोहरे की भी चेतावनी दी गई है।

राजस्थान में आज का मौसम

राजस्थान में नए साल की शुरुआत के साथ ही भीषण ठंड का दौर भी शुरु हो गया है। प्रदेश की राजधानी जयपुर में आज सुबह हल्की बारिश देखने को मिली। वहीं चित्तौड़गढ़ में आज तड़के करीब आधा घंटे तेज बारिश हुई। सीकर में भी आज सुबह बारिश दर्ज की गई। बारिश और ओलों के कारण तापमान में करीब 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी भी आई है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभागों में हल्की बारिश हो सकती है। एक से तीन जनवरी के दौरान राज्य के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में घना से बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

राजस्थान में करौली रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के 6-8 जिलों में बादल छाए रहे। साथ ही जोधपुर, फलोदी, बाड़मेर, बीकानेर में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी दर्ज की गई। जिससे दिन के तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली। राजस्थान में बुधवार को सबसे ठंडा स्थान करौली रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अलवर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, दौसा में 6.6 डिग्री, टोंक के वनस्थली में 6.9 डिग्री, पिलानी में 8.8 डिग्री, चूरू में 9.1 डिग्री और भीलवाड़ा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रात का तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस और जोधपुर में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article