Rajasthan Weather: राजस्थान में पिछले कुछ दिनों एक जबरदस्त तरीके से एक्टिव मानसून (Monsoon) के चलते जबरदस्त बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। आज यानी गुरुवार 30 जुलाई को सिस्टम का प्रभाव ज्यादा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के बीच श्रीगंगानगर, चूरू और जयपुर सहित कई इलाकों में सुबह से हरी रुक-रुककर बारिश हो रही है। चूरू के सरदारशहर में लगभग एक घंटे की तेज बारिश के बाद बाजारों और निचले इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत के ऊपर बना डीप डिप्रेशन कमजोर होकर अब डिप्रेशन में बदल चुका है। यह सिस्टम फिलहाल उत्तरी ओडिशा, दक्षिणी झारखंड और उससे सटे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर है। अगले 24 घंटे में इसके धीरे-धीरे पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में अगले 5-6 दिन मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। इस दौरान कई जगहों पर मध्यम से तेज और कुछ जगह भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
राज्य में कहां कितनी बारिश हुई?
बीते 24 घंटे में प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। दौसा के बांदीकुई में 36 मिमी, बैजूपाड़ा में 23 मिमी, अलवर के टहला में 20 मिमी और मालाखेड़ा में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारां, भीलवाड़ा, भरतपुर, धौलपुर, झालावाड़, कोटा, टोंक और सवाई माधोपुर में भी कई जगह बारिश दर्ज हुई।
राजधानी जयपुर में कल यानी बुधवार 29 जुलाई को लगभग 40 मिनट तक तेज बारिश हुई। सांगानेर एयरपोर्ट पर 25 मिमी, जेएलएन मार्ग पर 22 मिमी और आमेर में 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चौमूं में गुरुवार सुबह हुई बारिश के कारण निचले इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया।
सरदारशहर और श्रीगंगानगर में जलभराव
चूरू के सरदारशहर में सुबह लगभग पौने पांच बजे शुरू हुई तेज बारिश करीब एक घंटे तक चली। शहर के कई हिस्सों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। श्रीगंगानगर में भी सुबह लगभग 3 बजे तेज बारिश हुई, जिसके बाद कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई। उधर, सवाई माधोपुर में बारिश के बाद रणथंभौर के जंगलों में अमेश्वर, सोलेश्वर, झोझेश्वर और सीता माता के झरने बहने लगे हैं। इन्हें देखने के लिए पर्यटक पहुंच रहे हैं।
श्रीगंगानगर में पारा 40 डिग्री पार
बारिश के बीच पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी और उमस का असर अब भी कायम है। बुधवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में पारा 39.2 डिग्री तक पहुंच गया। सीकर में 36 डिग्री तापमान के साथ उमस रही, जबकि अजमेर में बारिश के बाद मौसम सुहावना बना रहा। अलवर में हल्की से अच्छी बारिश हुई। जोधपुर में बादल छाए रहे।
कोटा में बुधवार को बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई। उदयपुर में भी दिनभर काले बादल छाए रहे, लेकिन बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की पूरी संभावना है।
