Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत कम दबाव के क्षेत्र के असर से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी मंगलवार 28 जुलाई को राज्य के 25 जिलों में तेज बारिश की संभावना है, जबकि 2 अगस्त तक मानसून एक्टिव बना रहेगा। इससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब डीप-डिप्रेशन में बदल चुका है। इसके साथ ही राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इन दोनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी।
इन जिलों में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं कल यानी बुधवार 29 जुलाई से बारिश का दायरा बढ़कर अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग तक पहुंचने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटों में बीकानेर के कोलायत में 54 मिमी, सवाई माधोपुर के बरनाला में 52 मिमी, करौली के हिंडौन में 34 मिमी, जोधपुर के शेरगढ़ में 27 मिमी और नादौती में 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नागौर, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, जयपुर, उदयपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, अलवर, जालौर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, अजमेर और बाड़मेर में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
जयपुर और सवाई माधोपुर में राहत लेकर आई बारिश
जयपुर में सोमवार को दिनभर उमस के बाद कई इलाकों में बारिश हुई। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं सवाई माधोपुर में करीब एक हफ्ते बाद मंगलवार सुबह 6:30 बजे से अच्छी बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
कहीं उमस, कहीं बूंदाबांदी
अजमेर, उदयपुर और सीकर में सोमवार को दिनभर उमस बनी रही। उदयपुर में दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि सीकर के तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कोटा में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हुई और तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। जोधपुर में शाम के समय बारिश हुई, जबकि अलवर में बादल छाए रहने के बावजूद अच्छी बारिश नहीं होने से जलाशयों में पानी की आवक अब भी सीमित बनी हुई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव, तेज बारिश और बिजली गिरने जैसी परिस्थितियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
