शहर

Aaj Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में बना नया मौसमी सिस्टम, यूपी-बिहार से हिमाचल तक गरज-चमक के साथ होगी मूसलाधार बारिश

Aaj Ka Mausam 28 July: उत्तर और मध्य भारत में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। आज यूपी के 40 जिलों और हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट। दिल्ली-NCR, बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, गुजरात में भी बारिश बढ़ेगी। बंगाल की खाड़ी में बने 'गहरे दबाव' से मौसम बदल गया है।

Image

लखनऊ, बरेली से लेकर शिमला तक होगी झमाझम बारिश

Photo : Times Now Digital

Aaj Ka Mausam: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरे शबाब पर आ गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना चक्रवाती सिस्टम अब 'गहरे दबाव' में बदल चुका है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, हिमाचल प्रदेश और मध्य भारत के राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

उत्तर प्रदेश: लखनऊ समेत 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में 28 जुलाई को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के मौसमी तंत्र और मानसूनी ट्रफ के कारण प्रदेश में बारिश का यह दौर 31 जुलाई तक जारी रहेगा।

सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, बाराबंकी और रायबरेली समेत लगभग 40 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट, बिहार के जिलों में वज्रपात की आशंका

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश जारी है। IMD ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है।

वहीं बिहार की राजधानी पटना में तापमान गिरकर 36.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। पटना, नालंदा, गया, शेखपुरा, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश, मेघगर्जन और बिजली गिरने के आसार हैं।

दिल्ली-NCR में छाए रहेंगे बादल, होगी हल्की से मध्यम बारिश

दिल्ली-NCR (दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद) में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, हवा में नमी (75-80%) अधिक रहने के कारण उमस की स्थिति भी बनी रहेगी।

गुजरात में आज से फिर बारिश का दौर

गुजरात में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। पिछले दो दिनों से प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। आज (28 जुलाई) दक्षिण गुजरात, खासकर सूरत और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, राजकोट, वडोदरा और जामनगर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मौसम तंत्र (Weather Systems): क्यों हो रही है भारी बारिश?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय देश में एक साथ कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। इनमें एक है गहरा दबाव (Deep Depression), बंगाल की खाड़ी का डिप्रेशन ओडिशा-बंगाल तट की ओर बढ़ रहा है। इसके अलवा मानसून ट्रफ भी बीकानेर, ग्वालियर, वाराणसी, जमशेदपुर से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। साथ ही उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों पर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article