शहर

20 साल बाद वृंदावन से पकड़ा गया हत्या का फरार आरोपी, इस तरह से किया पुलिस ने ट्रैप

राजस्थान पुलिस ने करीब 20 साल से फरार हत्या के आरोपी वरूण सिंह को वृंदावन से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाई। मुख्य आरक्षी ने साधु का भेष धारण कर कई दिनों तक गुप्त निगरानी रखी और अंततः उसे पकड़ने में सफलता पाई।

Image

राजस्थान पुलिस ने 20 साल बाद वृंदावन से हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)

Rajasthan News: राजस्थान पुलिस ने करीब 20 साल से फरार एक हत्या के आरोपी को वृंदावन से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, इस आजीवन कारावास की सजा पाए अपराधी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के एक मुख्य आरक्षी ने साधु का भेष धारण कर आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी वरूण सिंह (41) का रहने का स्थान हिंडौन सिटी है।

आरोपी को 2005 में शराब कारोबारी नबाब सिंह उर्फ नब्बा सिंह की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक) करौली ने 19 अक्टूबर 2006 को उसे भादंसं के तहत आजीवन कारावास और हथियार कानून के तहत अतिरिक्त सजा सुनाई थी। इस फैसले के खिलाफ की गई अपीलें राजस्थान उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय, दोनों ने खारिज कर दी थीं। इसके बाद वरूण के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, लेकिन वह फरार हो गया था।

2006 से लगातार कई विशेष अभियान चलाए गए

बताया जा रहा है कि, वरूण को पकड़ने के लिए 2006 से लगातार कई विशेष अभियान चलाए गए। विभिन्न टीमों का गठन कर राजस्थान और अन्य राज्यों में उसके संभावित ठिकानों पर तलाश की गई। मथुरा, वृंदावन, जयपुर और जम्मू-कश्मीर समेत कई जगहों पर छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी बार-बार भेष बदलकर पुलिस की पकड़ से बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए समय-समय पर इनाम राशि भी बढ़ाकर 25 हजार रुपये तक घोषित की गई थी।

इस तरह से पकड़ा गया आरोपी

हाल ही में चलाए गए ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत मुख्य आरक्षी जोगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम को मुजरिम की खोज में मथुरा-वृंदावन भेजा गया। यह अभियान मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, जोगेन्द्र सिंह ने साधु का भेष धारण कर कई दिनों तक चाय की दुकानों, ढाबों और गलियों में गुप्त निगरानी रखी और अंततः आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल हुई।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!