शहर

राजस्थान का मौसम (29 June 2026) Rajasthan Weather Today: 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जयपुर-अलवर में सुबह ही झमाझम

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29 June 2026: राजस्थान की राजधानी जयपुर और अलवर में आज सुबह बारिश होने पर गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 25 जिलों में तीन दिन के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

राजस्थान में 2 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 29 जून 2026): राजस्थान में प्रचंड गर्मी और उमस के बीच मौसम ने राहत के भी संकेत दिए हैं। आज यानी सोमवार 29 जून को सुबह राजधानी जयपुर और अलवर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई, जिससे पारे में कुछ गिरावट देखी गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली। वहीं, उदयपुर संभाग के कई जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार आंधी और बारिश का दौर जारी है।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 25 जिलों में अगले तीन दिनों तक आंधी, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गुरुवार 2 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा तापमान

हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। कल यानी रविवार 28 जून को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा फलोदी में 43.8, बीकानेर में 43.2, चूरू में 43.1, बाड़मेर में 42.2 और जोधपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। जयपुर, अलवर, दौसा और करौली सहित कई शहरों में भी रविवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।

प्रतापगढ़ में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रतापगढ़ के अरनोद में सबसे ज्यादा 45 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा उदयपुर के मावली में 34 मिमी, कोटड़ा में 28 मिमी, चित्तौड़गढ़ के कपासन में 33 मिमी तथा झालावाड़ के पचपहाड़ में 25 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। तेज हवाओं के कारण उदयपुर में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

रात का तापमान उड़ा रहा नींद

राजस्थान के तमाम शहरों में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। रविवार को हनुमानगढ़ सबसे गर्म रात वाला शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर, फलोदी, बीकानेर और श्रीगंगानगर में भी रात का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

अगले कुछ दिनों तक मौसम में तेजी से बदलाव आने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वह सतर्क रहें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article