राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 26 जून 2026): राजस्थान के कई शहर और जिले प्री-मानसून की झमाझम बारिश से सराबोर हो चुके हैं। यहां प्री-मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। कल यानी गुरुवार 25 जून को राज्य के कई शहरों और जिलों में तेज आंधी व बारिश ने मौसम का मिजाज बदल कर रख दिया। राजधानी जयपुर में सिर्फ एक घंटे के भीतर ही लगभग 2 इंच तक बारिश हुई। इससे गुलाबी नगरी की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं और ट्रैफिक प्रभावित हुआ। तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, जिनके नीचे बाइक और कारें दब गईं। हालांकि, किसी तरह की बड़ी जनहानि की खबर नहीं है।
मानसून की एंट्री को बचे सिर्फ 4-5 दिन
मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार 26 जून के लिए राज्य के 27 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। IMD का अनुमान है कि अगले एक हफ्ते तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि अगले 4 से 5 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम Monsoon की भी राजस्थान में एंट्री हो सकती है।
नागौर में 35 MM बारिश हुई
पिछले 24 घंटों में नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा, बीकानेर और राजसमंद सहित राज्य के कई जिलों में 20 से 35 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। नागौर के डेगाना में सबसे ज्यादा 35 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सहाड़ा (भीलवाड़ा) में 22 MM और भोपालगढ़ (जोधपुर) में 20 मिमी बारिश हुई।
जयपुर में बड़े पेड़ गिरने से बढ़ी दिक्कतें
जयपुर में गुरुवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। कलेक्ट्रेट, परकोटा और आसपास के क्षेत्रों में करीब 50 मिमी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में आधा फीट तक पानी भर गया। रामनिवास बाग, जोरावर सिंह गेट और किशनपोल बाजार में कई बड़े और पुराने पेड़ गिरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, सभी 8 आरोपी गिरफ्तार; चंपत राय के पूर्व ड्राइवर से लेकर बैंक के पूर्व कर्मी तक शामिल
फलोदी में सबसे ज्यादा गर्मी का प्रकोप
बारिश से पहले गुरुवार को भी राजस्थान के पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी का असर बना रहा। फलोदी में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि श्रीगंगानगर में पारा 41, जैसलमेर में 40.8 और बाड़मेर में 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - VIDEO: कौशांबी टोल प्लाजा के पास पलटा LPG से भरा टैंकर, आसमान छूने लगीं आग की भयावह लपटें; टोल बूथों तक फैली आग
IMD और प्रशासन की लोगों से अपील
सीकर, कोटा, उदयपुर, अलवर, जोधपुर और अजमेर में भी बादल छाने, उमस और हल्की बारिश का असर गुरुवार को पूरे दिन देखने को मिला। मौसम विभाग ने लोगों से आज भी खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने के साथ ही जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी है।
